• September 9, 2026

CM मोहन यादव का दुबई दौरा: MP में 35 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव, GIS-2027 के लिए निवेशकों को न्योता

भोपाल: मध्य प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव का दुबई दौरा निवेश के लिहाज से काफी अहम रहा। दौरे के तीसरे दिन, 8 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री ने निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ कई अहम बैठकें कीं। इस दौरान ग्रीन एनर्जी, AI, डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स, हेल्थ, एजुकेशन, शहरी विकास और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विभिन्न उद्योग समूहों और निवेशकों को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) में शामिल होने का न्योता भी दिया।

मध्य प्रदेश को मिला AIM Investment Awards 2026 का सम्मान

दुबई दौरे के दौरान मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम को AIM Investment Awards 2026 में ‘Winner Asia’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान निवेश प्रोत्साहन, विदेशी निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन, नवाचार और सतत विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए दिया गया।

यह पुरस्कार UAE के विदेश व्यापार मंत्री और AIM Congress के अध्यक्ष थानी बिन अहमद अल ज़ेयौदी ने प्रदान किया।

राणा होल्डिंग्स ने 35 हजार करोड़ के निवेश में दिखाई रुचि

मुख्यमंत्री मोहन यादव की राणा होल्डिंग्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. दर्शन सिंह राणा के साथ अहम बैठक हुई। इसमें ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, डेटा सेंटर, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, ई-मोबिलिटी और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

कंपनी ने मध्य प्रदेश में करीब 2,000 मेगावॉट सोलर एनर्जी पोर्टफोलियो, 200 मेगावॉट ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट, AI एवं कंप्यूट डेटा सेंटर, क्रिटिकल मिनरल्स रिकवरी और रीसाइक्लिंग कॉम्प्लेक्स तथा स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग हब स्थापित करने में रुचि दिखाई।

इन प्रस्तावित परियोजनाओं में करीब 35,200 करोड़ रुपये यानी 4 अरब डॉलर के निवेश की संभावना बताई गई है।

AI और डेटा सेंटर में भी बड़े निवेश का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने NIDI Services DMCC-SCNELLK के निवेशकों के साथ औद्योगिक स्तर के AI कंप्यूट कैंपस और Sovereign AI Factory परियोजना पर भी चर्चा की।

कंपनी ने 50 मेगावॉट क्षमता वाले AI फैक्ट्री प्रोजेक्ट में करीब 1.5 से 2 अरब डॉलर के निवेश का कॉन्सेप्ट प्रस्तुत किया है। भविष्य में इसकी क्षमता 100 मेगावॉट से ज्यादा तक बढ़ाई जा सकती है।

वहीं, जेम्स एजुकेशन के चेयरमैन सनी वर्की के साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले K-12 स्कूल, शिक्षक प्रशिक्षण, एडटेक और आधुनिक शिक्षा परिसरों की स्थापना पर भी बातचीत हुई।

हेल्थ, लॉजिस्टिक्स और फूड प्रोसेसिंग पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने विभिन्न कंपनियों के साथ स्वास्थ्य, लॉजिस्टिक्स और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े निवेश प्रस्तावों पर चर्चा की।

Pure Health के साथ मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल, डिजिटल हेल्थ, टेलीमेडिसिन और मेडिकल-नर्सिंग शिक्षा में निवेश की संभावनाओं पर विचार हुआ।

Sharaf Group के साथ मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग, कोल्ड चेन, सप्लाई चेन, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र पर चर्चा हुई। वहीं Choithrams के साथ फूड प्रोसेसिंग, रिटेल, कृषि उत्पादों की खरीद और वितरण नेटवर्क को मजबूत करने पर बातचीत हुई।

DP World के साथ लॉजिस्टिक्स हब पर चर्चा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने DP World के CEO रिजवान सूमार के साथ पवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कॉम्पोजिट हब, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स और निर्यात को बढ़ावा देने के मुद्दे पर चर्चा की।

इसके अलावा KGK Group के साथ डायमंड प्रोसेसिंग, जेम्स एंड ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग और स्किल डेवलपमेंट, जबकि Vistas Media Capital के साथ फिल्म, AVGC, एनीमेशन, VFX, गेमिंग और डिजिटल कंटेंट हब की संभावनाओं पर विचार किया गया।

शारजाह चैंबर के साथ भी हुई अहम बैठक

मुख्यमंत्री ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस के साथ बैठक की। दोनों पक्षों ने मध्य प्रदेश और शारजाह के बीच व्यापार, निवेश, टेक्नोलॉजी, MSME, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, फार्मा, पर्यटन और रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने शारजाह के निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश करने और GIS-2027 में शामिल होने का न्योता दिया।

Emaar Group को शहरी परियोजनाओं में निवेश का न्योता

मोहन यादव ने Emaar Properties के संस्थापक एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मोहम्मद अलाब्बार से भी मुलाकात की। बैठक में इंदौर की Emaar Continental City परियोजना का उल्लेख किया गया।

मुख्यमंत्री ने Emaar Group को इंदौर-पीथमपुर-उज्जैन डेवलपमेंट कॉरिडोर, इंटीग्रेटेड टाउनशिप, हॉस्पिटैलिटी और आधुनिक शहरी विकास परियोजनाओं में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने मोहम्मद अलाब्बार को GIS-2027 में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने का न्योता भी दिया।

‘मध्य प्रदेश में निवेशकों का स्वागत’

दुबई में आयोजित मीडिया संवाद और ‘Invest in Madhya Pradesh: Interactive Session’ में मुख्यमंत्री ने राज्य की निवेश संभावनाओं को सामने रखा।

मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में निवेश के लिए पर्याप्त जमीन, बेहतर सड़क और रेल कनेक्टिविटी, हवाई संपर्क, निवेश-अनुकूल नीतियां और सिंगल विंडो सिस्टम जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य कृषि एवं फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, फार्मा, मेडिकल डिवाइस, ऑटोमोबाइल, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी, IT, AI, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली Global Investors Summit-2027 में शामिल होने का निमंत्रण देते हुए कहा कि “मध्य प्रदेश भारत का हृदय है और निवेशकों का स्वागत हृदय से करेगा।”

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *