• May 5, 2026

बिहार में 7 मई को कैबिनेट विस्तार, NDA ने मंत्रियों के बंटवारे को अंतिम रूप दिया

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण के बाद अब मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जानकारी के अनुसार, राज्य में 7 मई को कैबिनेट विस्तार किया जाएगा। नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह पटना के गांधी मैदान में आयोजित होगा, जिसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में अमित शाह और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक कर मंत्रिमंडल गठन को लेकर चर्चा की थी।

मंत्री पदों के बंटवारे को लेकर भी सहमति बन गई है। जानकारी के अनुसार, बीजेपी और जेडीयू के बीच लगभग बराबर-बराबर हिस्सेदारी तय की गई है। 7 मई को होने वाले विस्तार में बीजेपी से 12 और जेडीयू से 11 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इसके अलावा एलजेपी (रामविलास) से 2, जबकि हम और आरएलएम से एक-एक मंत्री को शामिल किए जाने की संभावना है। फिलहाल 6 पद खाली रखे जाएंगे।

विधानसभा की कुल संख्या के आधार पर बिहार में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं। जेडीयू कोटे से पुराने चेहरों को फिर से मौका मिलने की संभावना है। विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव पहले ही उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले चुके हैं।

इसके अलावा जेडीयू से श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार और मोहम्मद जमा खान का दोबारा मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं, पार्टी से पांच नए चेहरों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है, जिनमें श्वेता गुप्ता, भगवान कुशवाहा, रत्नेश सदा, शीला मंडल और बुलो मंडल के नाम सामने आ रहे हैं।

अब सबकी नजर 7 मई को होने वाले इस कैबिनेट विस्तार पर टिकी है, जो बिहार की नई सरकार के स्वरूप और राजनीतिक संतुलन को स्पष्ट करेगा।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *