ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अर्जेंटीना 8675 करोड़ से खरीदेगा स्वदेशी तेजस मार्क-1 ए और एलसीएच प्रचंड

अर्जेंटीना के रक्षा मंत्री जॉर्ज तयाना भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंच गए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ मंगलवार को वे द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोनों पक्षों के बीच रक्षा और सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा होने की उम्मीद है। अर्जेंटीना के रक्षा मंत्री के इस दौरे में भारत के साथ चौथी पीढ़ी के लड़ाकू विमान तेजस मार्क-1 ए और एलसीएच प्रचंड के लिए 8675 करोड़ रुपये का सौदा होने की भी संभावना है।

रक्षा अधिकारियों ने कहा कि अर्जेंटीना के रक्षा मंत्री जॉर्ज तयाना मंगलवार को दिल्ली में अपने भारतीय समकक्ष राजनाथ सिंह के साथ द्विपक्षीय बैठक करने वाले हैं। बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा और सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की उम्मीद है। दक्षिण अमेरिकी राष्ट्र ने 2022 में अर्जेंटीनियाई वायु सेना के लिए स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस में रुचि व्यक्त की थी। इस जून की शुरुआत में अर्जेंटीना में भारतीय राजदूत दिनेश भाटिया ने अर्जेंटीना वायु सेना के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल जेवियर इसाक से तेजस लड़ाकू विमानों में सहयोग पर चर्चा की थी। अर्जेंटीना की हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) में निर्मित विभिन्न प्रकार के हेलिकॉप्टरों पर नजर है।

अर्जेंटीना में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया है कि एचएएल की तकनीकी टीम से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में राजदूत दिनेश भाटिया के साथ अर्जेंटीना वायु सेना के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल जेवियर इसाक होंगे, ताकि तेजस लड़ाकू विमानों और एचएएल में निर्मित विभिन्न हेलिकॉप्टरों के बारे में चर्चा की जा सके। दरअसल, अर्जेंटीना को 12 हल्के लड़ाकू विमानों की जरूरत है, जिसके लिए उसे चीन और एचएएल से आशय पत्र मिला है। शुरुआत में माना जा रहा था कि यह सौदा भी चीनी जेएफ-17 बनाम तेजस मुकाबला बन गया है लेकिन एचएएल ने इस मामले को तेजी से आगे बढ़ाया है।

एचएएल को तेजस की 50 से अधिक प्रणालियों और उप-प्रणालियों को बदलने की आवश्यकता होगी, जिसकी आपूर्ति यूके की फर्मों जैसे बीएई सिस्टम्स, कोबम और मार्टिन-बेकर से की जाती है। अर्जेंटीना के रक्षा मंत्री जॉर्ज तयाना की अपने समकक्ष राजनाथ सिंह के साथ द्विपक्षीय बैठक में एचएएल के साथ 15 तेजस मार्क-1 ए और लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर (एलसीएच) प्रचंड के लिए 8675 करोड़ रुपये का सौदा होने की संभावना है। इससे पहले अर्जेंटीना के रक्षा मंत्री और वायुसेना प्रमुख ने एयरो इंडिया 2023 में तेजस में उड़ान भरकर इस विमान को खरीदने की इच्छा जताई थी।

भारत में बना हल्का लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस कई देशों की पहली पसंद बनता जा रहा है। मलेशिया के बाद अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, मिस्र, अमेरिका, इंडोनेशिया और फिलीपींस ने तेजस को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। मलेशिया ने अपने लड़ाकू जेट कार्यक्रम के लिए चीनी जेएफ-17 के मुकाबले तेजस एमके-1ए को खरीदने का फैसला लिया है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने रॉयल मलेशियाई वायु सेना को आरएफआई का जवाब भी दे दिया है। इसके बाद एचएएल को जल्द ही तेजस का पहला एक्सपोर्ट ऑर्डर मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *