ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अंबाला में पूर्व सैनिक ने अपने पांच परिजनों को मौत के घाट उतारा

चंडीगढ़, 22 जुलाई  हरियाणा के अंबाला में एक पूर्व सैनिक ने जमीन विवाद के चलते अपने भाई के परिवार को मौत के घाट उतार दिया। पूर्व सैनिक ने अपने भाई समेत पांच लोगों की हत्या कर दी। आरोपित ने पिता को भी मारने का प्रयास किया लेकिन वह गंभीर रूप से घायल होकर बच गए।

घटना रविवार की रात अंबाला जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्रान्तर्गत गांव रतोर में हुई है।

आरोपित ने अपने परिजनों की हत्या करने के बाद आधी रात में ही शवों को जलाने का भी प्रयास किया। अल सुबह तीन बजे बड़ी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर अधजले शवों को अपने कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रतोर गांव निवासी पूर्व सैनिक भूषण कुमार का अपने भाई के साथ जमीन का विवाद चल रहा था। इस विवाद में आरोपित यह मानता था कि उसके माता-पिता भाई का पक्ष ले रहे हैं। इस रंजिश के चलते आरोपित ने बीती रात गांव के बाहर बनी ढाणी में सो रहे परिजनों को तेजधार हथियार से काट दिया। मरने वालों में आरोपित की मां, उसका भाई, भाई की पत्नी और इनके 2 बच्चे हैं। इनके नाम हरीश कुमार (35), उसकी पत्नी सोनिया (32), मां सरोपी देवी (65), हरीश की बेटी यशिका (5) और 6 माह का बेटा मयंक हैं।

प्राथमिक सूचना के मुताबिक, आरोपित रिटायर्ड फौजी भूषण कुमार ने वारदात को अंजाम देने के बाद रात को ही शवों को जलाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर अंबाला एसपी सुरेंद्र कुमार ने रात को ही करीब 3 बजे घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने अधजले शवों को अंबाला कैंट अस्पताल पहुंचाया। अब पुलिस इस मामले की विस्तार से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *