• August 24, 2026

सज्जन कुमार को ‘रोल मॉडल’ बताने पर घिरे दीपेंद्र हुड्डा ने दी सफाई, बोले- ‘मेरे मुंह में डाले जा रहे हैं शब्द’

गुरुग्राम: 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में दोषी ठहराए गए कांग्रेस नेता सज्जन कुमार के निधन पर टिप्पणी को लेकर विवादों में घिरे कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने अब सफाई दी है। हुड्डा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने सज्जन कुमार के लिए कभी ‘रोल मॉडल’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया और न ही उनकी ऐसी कोई भावना थी।

उन्होंने कहा कि अगर उनकी टिप्पणी से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है। सज्जन कुमार का गुरुवार को 80 वर्ष की उम्र में निधन हुआ था। वह 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे।

सज्जन कुमार के निधन पर क्या कहा था हुड्डा ने?

सज्जन कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने इसे देश के राजनीतिक परिदृश्य के लिए क्षति बताया था। उन्होंने सज्जन कुमार के लोगों से जुड़ाव और दिल्ली के विकास में उनके योगदान का भी जिक्र किया था।

इसके बाद उनके बयान को लेकर पंजाब में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। शिरोमणि अकाली दल, बीजेपी और आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सिख विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया।

‘रोल मॉडल’ शब्द पर हुड्डा ने क्या कहा?

गुरुग्राम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब दीपेंद्र हुड्डा से पूछा गया कि क्या उन्होंने सज्जन कुमार को ‘रोल मॉडल’ बताया था, तो उन्होंने इससे साफ इनकार किया।

हुड्डा ने कहा कि उन्होंने न तो ‘रोल मॉडल’ शब्द का इस्तेमाल किया और न ही उनकी ऐसी कोई भावना थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके मुंह में ऐसे शब्द डाल रहे हैं और भाईचारे की भावना को कमजोर कर राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था और जो लोग उन्हें जानते हैं, वे उनकी वास्तविक भावना से परिचित हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद दीपेंद्र हुड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक वीडियो भी पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और उसे संदर्भ से हटाकर दिखाया जा रहा है।

उन्होंने दोबारा स्पष्ट किया कि उन्होंने सज्जन कुमार के लिए ‘रोल मॉडल’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया था।

सिख समुदाय से पुराने रिश्ते का दिया हवाला

दीपेंद्र हुड्डा ने अपनी सफाई में सिख समुदाय के साथ अपने परिवार के पुराने संबंधों का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि उनका परिवार हमेशा सिख समुदाय के साथ खड़ा रहा है और सुख-दुख के साथ-साथ संघर्ष के समय भी उनका साथ दिया है।

हुड्डा ने कहा कि सिख समुदाय के साथ उनका पुराना और भाईचारे का रिश्ता है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उनका उद्देश्य नहीं था।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *