• August 24, 2026

BPSC TRE 4 पर बड़ा अपडेट, दिसंबर-जनवरी में हो सकता है एग्जाम; PT और Mains दोनों होंगे ऑब्जेक्टिव

पटना: बिहार में शिक्षक भर्ती और प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। छात्र आंदोलन के बीच बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर TRE 4 समेत कई परीक्षाओं को लेकर अहम जानकारी साझा की।

BPSC के एग्जाम कंट्रोलर राजेश कुमार ने बताया कि TRE 4 की परीक्षा दिसंबर या जनवरी में आयोजित की जा सकती है। हालांकि, परीक्षा की निश्चित तारीख अभी तय नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के फॉर्म भरने की प्रक्रिया 30 सितंबर तक चलेगी और आवेदन की संख्या सामने आने के बाद परीक्षा की तारीख तय की जाएगी।

दो चरणों में होगी शिक्षक भर्ती परीक्षा

BPSC के मुताबिक TRE 4 की परीक्षा दो चरणों यानी PT और Mains में आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि शिक्षक भर्ती के दोनों चरणों में ऑब्जेक्टिव प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे।

एग्जाम कंट्रोलर राजेश कुमार ने दो चरणों की परीक्षा को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि देश में कई आयोगों और राज्यों में दो से लेकर तीन चरणों में परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि NEET-UG परीक्षा के बाद राधाकृष्णन कमेटी ने भी दो चरणों में परीक्षा कराने का सुझाव दिया था।

PT और Mains कराने के पीछे क्या वजह?

TRE 4 को लेकर यह चर्चा भी हो रही थी कि BPSC पहली बार शिक्षक भर्ती में PT और Mains की व्यवस्था लागू कर रहा है। आयोग ने इन दावों को स्पष्ट करते हुए कहा कि यह निर्णय आर्थिक अपराध इकाई और अन्य एजेंसियों से मिले सुझावों के आधार पर लिया गया है।

आयोग का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से दो चरणों में परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है।

निगेटिव मार्किंग पर भी BPSC ने दी सफाई

परीक्षा में निगेटिव मार्किंग को लेकर भी अभ्यर्थियों के बीच सवाल उठ रहे थे। इस पर BPSC ने कहा कि आयोग की विभिन्न परीक्षाओं में निगेटिव मार्किंग की व्यवस्था लागू है और यह सभी अभ्यर्थियों के लिए समान रूप से लागू होती है।

हिंदी भाषियों को कम अंक देने के आरोप पर जवाब

हिंदी माध्यम के अभ्यर्थियों को कथित तौर पर कम अंक दिए जाने के आरोपों पर भी आयोग ने सफाई दी। राजेश कुमार ने कहा कि आयोग के पास ऐसा कोई डेटा नहीं है, जिससे यह साबित हो कि हिंदी भाषी अभ्यर्थियों को कम अंक दिए जाते हैं।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब आयोग परीक्षा के आवेदन फॉर्म में अभ्यर्थियों से परीक्षा का माध्यम नहीं पूछता, तो इस तरह के आंकड़े कहां से सामने आ रहे हैं।

60 फीसदी से ज्यादा अंक मिलने पर क्या होगा?

BPSC ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी अभ्यर्थी को 60 प्रतिशत से अधिक अंक मिलने पर कोई रोक नहीं है। यदि किसी उत्तर पुस्तिका में निर्धारित सीमा से अधिक अंक आते हैं तो उसे हेड एग्जामिनर के स्तर पर दोबारा जांचा जाता है।

30 सितंबर तक भर सकेंगे TRE 4 के फॉर्म

TRE 4 की परीक्षा की तारीख को लेकर फिलहाल अभ्यर्थियों को इंतजार करना होगा। आयोग के अनुसार 30 सितंबर तक आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों की संख्या का आकलन किया जाएगा। इसके बाद परीक्षा की तारीख तय की जाएगी।

BPSC ने यह भी संकेत दिया कि आगे आयोग की परीक्षाओं को दो चरणों में आयोजित करने की व्यवस्था अपनाई जा सकती है। शिक्षक भर्ती में PT और Mains दोनों में ऑब्जेक्टिव सवाल होने की बात आयोग पहले ही स्पष्ट कर चुका है।

Assistant Engineer मामले में भी दिया अपडेट

प्रेस कॉन्फ्रेंस में Assistant Engineer भर्ती से जुड़े मामले पर भी आयोग ने जानकारी दी। राजेश कुमार सिंह ने कहा कि संबंधित मामला कोर्ट में लंबित है और कोर्ट केस का निपटारा होने तक परिणाम जारी करने के संबंध में आयोग स्तर से कार्रवाई संभव नहीं है।

TRE 4 को लेकर BPSC के इस अपडेट से शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को परीक्षा के संभावित शेड्यूल और पैटर्न को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *