जनता दर्शन में CM योगी का बड़ा एक्शन, महिला को मिलेगी गाय और दिव्यांग की जमीन से हटेगा अवैध कब्जा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जनता दर्शन में सीतापुर की एक महिला ने गोपालन के जरिए अपने परिवार को आत्मनिर्भर बनाने की इच्छा जताई, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीतापुर के हरगांव क्षेत्र के गुरुदेव नगर की रहने वाली पूनम देवी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अतिरिक्त गाय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। महिला ने बताया कि उनके पास पहले से पांच गाय हैं और अन्य गोवंश को रखने के लिए पर्याप्त जगह भी मौजूद है।
पूनम देवी ने मुख्यमंत्री को बताया कि अतिरिक्त गाय मिलने से वह दूध और उससे जुड़े उत्पादों की बिक्री कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना चाहती हैं।
CM योगी ने अधिकारियों को दिए तत्काल निर्देश
महिला की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपर मुख्य सचिव, पशुधन को निर्देश दिया कि पूनम देवी को नियमानुसार निराश्रित गाय उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्हें सरकार की संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोवंश की देखभाल के लिए आर्थिक सहायता दिलाने को भी कहा। उन्होंने पूनम देवी का उत्साह बढ़ाते हुए गोसेवा के प्रति उनकी इच्छा की सराहना की और भरोसा दिलाया कि उन्हें नियमानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
दिव्यांग की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत
जनता दर्शन में एक दिव्यांग व्यक्ति भी अपनी समस्या लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास पहुंचा। उसने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की और मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई।
मामला सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जमीन से जुड़े मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों का त्वरित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी जनता दर्शन की तस्वीरें साझा की गईं। पोस्ट में कहा गया कि लोक-कल्याण की संकल्पना को साकार करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।