लखनऊ पहुंचे बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री संजय विनायक जोशी, ‘कोलंबस लीगल’ का किया भव्य उद्घाटन
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित 8/204 में रविवार को लॉ फर्म ‘कोलंबस लीगल’ (Columbus Legal) का भव्य उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री संजय विनायक जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान कानूनी सहायता, अधिवक्ताओं की एकजुटता और युवा वकीलों के प्रशिक्षण को लेकर संस्था की भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
कोलंबस लीगल की शुरुआत का प्रमुख उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक कानूनी सहायता एवं मार्गदर्शन पहुंचाना है। संस्था की ओर से ऐसे लोगों की मदद पर विशेष जोर दिया जाएगा, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण न्यायिक प्रक्रिया तक आसानी से नहीं पहुंच पाते हैं।
अधिवक्ताओं की एकता न्याय व्यवस्था के लिए जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय विनायक जोशी ने अधिवक्ता समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की एकता अपने आप में बड़ी ताकत है और मजबूत अधिवक्ता समाज का सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है।
उन्होंने न्याय व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए बार और बेंच के बीच बेहतर एवं मजबूत संबंधों को जरूरी बताया। जोशी ने कहा कि अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी केवल अपने पक्षकारों तक सीमित नहीं है, बल्कि न्याय दिलाने की प्रक्रिया में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और एकजुटता बेहद जरूरी है।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने मिलकर की कोलंबस लीगल की शुरुआत
‘कोलंबस लीगल’ की शुरुआत हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता देवेंद्र कुमार राय और हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता हिमांशु शेखर अवस्थी
ने संयुक्त रूप से की है। संस्था की ओर से बताया गया कि कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ युवा एवं नए अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके तहत युवा अधिवक्ताओं को व्यावहारिक अनुभव, पेशेवर मार्गदर्शन और कानून के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। संस्था का मानना है कि इससे युवा अधिवक्ताओं की पेशेवर क्षमता मजबूत होगी और अधिवक्ता समाज को नई ऊर्जा मिलेगी।
न्याय, सत्यनिष्ठा और सेवा पर रहेगा जोर
कार्यक्रम के दौरान न्यायिक उत्कृष्टता, सत्यनिष्ठा और सेवा को केंद्र में रखते हुए कोलंबस लीगल के आगामी कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई। आयोजकों के मुताबिक संस्था का प्रयास रहेगा कि कानूनी सेवाओं को उन लोगों तक पहुंचाया जाए, जिन्हें वास्तव में इसकी जरूरत है।
इसके साथ ही नए अधिवक्ताओं को बेहतर मंच और मार्गदर्शन देने की दिशा में भी काम किया जाएगा। लखनऊ में शुरू हुई कोलंबस लीगल की यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और युवा अधिवक्ताओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।