• August 24, 2026

बिहार के 3 लाख छात्रों के लिए बड़ी पहल, 700 स्कूलों में 24×7 मिलेगा लाइव शिक्षक; JEE-NEET की भी तैयारी

पटना: बिहार में स्कूली शिक्षा को डिजिटल तकनीक से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24×7 इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए विद्यार्थी जब चाहें और जहां से चाहें, अपनी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

24×7 उपलब्ध रहेंगे लाइव शिक्षक

‘बिहार विद्या साथी’ के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को 24×7 लाइव शिक्षक की सुविधा मिलेगी। विद्यार्थी अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार शिक्षक का चयन कर सकेंगे और वन-टू-वन संवाद के जरिए अपनी शैक्षणिक समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

सरकार के अनुसार इस पहल का सीधा लाभ करीब 3 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा। वहीं करीब 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराएंगे।

JEE और NEET की तैयारी में भी मिलेगी मदद

प्लेटफॉर्म के जरिए कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को सभी विषयों में शैक्षणिक सहायता मिलेगी। वहीं 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के छात्रों के लिए लाइव ट्यूटर सपोर्ट के साथ बिहार बोर्ड, JEE और NEET की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

इससे विद्यार्थियों को स्कूल की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग मिल सकेगा।

AI से बेहतर होगी कॉन्सेप्ट लर्निंग

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आधुनिक AI टूल्स की मदद से विद्यार्थियों की कॉन्सेप्ट लर्निंग को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा। छात्रों को असीमित अध्ययन और अभ्यास की सुविधा मिलेगी, जिससे वे अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन पर काम कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि फिलहाल यह व्यवस्था 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों से शुरू की जा रही है और आगे इसे राज्य के अन्य विद्यालयों तक भी विस्तारित किया जाएगा।

छात्रों को मुख्यमंत्री की सलाह

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सवालों का जवाब और शिक्षक का सहयोग हमेशा उनके साथ रहे, यही सरकार का प्रयास है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘बिहार विद्या साथी’ का उपयोग कर विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता, ज्ञान और कौशल को मजबूत करेंगे और भविष्य में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।

छात्राओं ने दिखाया ऐप का डेमो

कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं जाहन्वी और जिया ने प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल का डेमो प्रस्तुत किया।

छात्राओं ने ऐप से मिलने वाली सुविधाओं और इसके लाभों के बारे में जानकारी दी तथा मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के जिलाधिकारी और विद्यार्थी भी कार्यक्रम से जुड़े।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *