• July 21, 2026

NEET पेपर लीक पर कांग्रेस का पीएम आवास तक मार्च, राहुल गांधी ने पीएम मोदी, अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठाई मांग

नई दिल्ली: NEET पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म बना हुआ है। मंगलवार को कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली को लेकर केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए।

राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है और सरकार इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर पुलिस कार्रवाई गलत है और सरकार को इस पूरे मामले पर जवाब देना चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा कि सरकार को छात्रों के प्रति जवाबदेही दिखानी चाहिए और इस मुद्दे पर संसद में चर्चा करानी चाहिए।

स्पीकर से की चर्चा की मांग

प्रदर्शन से पहले राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर सदन में NEET पेपर लीक मामले पर चर्चा कराने की मांग की। इसके बाद वह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

इस्तीफे की उठाई मांग

राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के लिए गृह मंत्रालय भी जवाबदेह है और इस संबंध में गृह मंत्री अमित शाह से भी इस्तीफे की मांग की।

राहुल गांधी ने कहा कि यदि सरकार इस मामले में जवाबदेही तय नहीं करती है तो इससे युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा प्रभावित होगा।

पीएम आवास के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी सांसदों ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

इस बीच, जंतर-मंतर पर भी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है। एक दिन पहले प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की घटनाएं सामने आई थीं, जिसके बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *