• June 14, 2026

दिल्ली में सुरक्षा और ट्रैफिक पर बड़ा एक्शन: हफ्ते में 4 दिन होगी जॉइंट फुट पेट्रोलिंग, शाम 5-8 बजे तक फील्ड में रहेंगे अधिकारी

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने और पुलिस की जमीनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए दिल्ली पुलिस ने बड़े कदम उठाए हैं। उपराज्यपाल सरदार टीएस संधू के निर्देशों के बाद पुलिस कमिश्नर द्वारा जारी नए सर्कुलर में वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को अधिक समय मैदान में बिताने तथा लोगों से सीधे संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नई व्यवस्था के तहत दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी अब नियमित रूप से संयुक्त फुट पेट्रोलिंग करेंगे, ताकि अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं के समाधान में तेजी लाई जा सके।

सप्ताह में 4 दिन होगी संयुक्त फुट पेट्रोलिंग

दिल्ली पुलिस के नए निर्देशों के अनुसार जिला पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी हर शनिवार और रविवार के अलावा सप्ताह में दो अन्य दिनों तक संयुक्त फुट पेट्रोलिंग करेंगे।

यह पेट्रोलिंग शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक चलेगी। अतिरिक्त दो दिनों का निर्धारण संबंधित जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) अपने क्षेत्र के संयुक्त पुलिस आयुक्त (रेंज) से चर्चा के बाद करेंगे।

पुलिस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य सड़कों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाना, नागरिकों के साथ संवाद मजबूत करना, ट्रैफिक प्रबंधन को सुधारना और स्थानीय समस्याओं का मौके पर समाधान करना है।

शाम 5 से 8 बजे तक नहीं होंगी बैठकें

सर्कुलर के मुताबिक, शाम 5 बजे से रात 8 बजे के बीच पुलिस अधिकारियों की कोई बैठक, समीक्षा बैठक, कॉन्फ्रेंस या कार्यालयी कामकाज यथासंभव नहीं रखा जाएगा।

इस समय का उपयोग केवल फील्ड ड्यूटी, निगरानी, जनता से बातचीत और मौके पर समस्याओं के समाधान के लिए किया जाएगा।

जिला पुलिस और ट्रैफिक यूनिट के डीसीपी, अतिरिक्त डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी इस दौरान अनिवार्य रूप से मैदान में मौजूद रहेंगे। इसे औपचारिकता नहीं, बल्कि जरूरी फील्ड ड्यूटी माना जाएगा।

सार्वजनिक स्थानों और ट्रैफिक पर रहेगा खास फोकस

फुट पेट्रोलिंग के दौरान अधिकारी व्यापारियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन (MTA/MWA) और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद करेंगे।

इसके अलावा निम्न बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा:

  • अस्थायी अतिक्रमण और सड़क अवरोध हटाना
  • ट्रैफिक जाम वाले स्थानों की पहचान और समाधान
  • वाहनों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करना
  • अवैध पार्किंग और सड़क के गलत उपयोग के खिलाफ कार्रवाई
  • संवेदनशील क्षेत्रों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी
  • जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तत्काल समाधान

हर पेट्रोलिंग का रखा जाएगा रिकॉर्ड

दिल्ली पुलिस ने निर्देश दिया है कि हर फुट पेट्रोलिंग का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया जाए। इसमें पेट्रोलिंग का समय, शामिल अधिकारियों के नाम, कवर किए गए इलाके और जिन लोगों, व्यापारियों या आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से बातचीत हुई, उनकी जानकारी दर्ज की जाएगी।

साथ ही BNS, BNSS, दिल्ली पुलिस अधिनियम और अन्य स्थानीय कानूनों के तहत की गई कार्रवाई, हटाए गए अतिक्रमण, ट्रैफिक बाधाओं और उनके समाधान की जानकारी भी रिपोर्ट में शामिल की जाएगी।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि सभी जिला और ट्रैफिक इकाइयों को हर सोमवार साप्ताहिक अनुपालन रिपोर्ट विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था), जोन और ट्रैफिक प्रबंधन प्रभाग को भेजनी होगी।

संयुक्त पेट्रोलिंग की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी रिपोर्ट के साथ जमा की जाएगी। निर्देशों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही, वरिष्ठ अधिकारियों की गैर-भागीदारी या समय पर रिपोर्ट जमा नहीं करने को गंभीरता से लिया जाएगा।

एलजी संधू लंबे समय से दे रहे थे जोर

उपराज्यपाल सरदार टीएस संधू लगातार इस बात पर जोर देते रहे हैं कि सड़कों पर पुलिस की सक्रिय और दिखाई देने वाली मौजूदगी अपराध नियंत्रण और ट्रैफिक नियमों के पालन को सुनिश्चित करने का सबसे प्रभावी तरीका है।

इसी सोच के तहत इस सप्ताह उपराज्यपाल की पुलिस आयुक्त और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद ये नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *