INDIA ब्लॉक की बैठक खत्म, हर 2 महीने में होगी मीटिंग; CJI को पत्र और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
नई दिल्ली: दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में सोमवार को INDIA ब्लॉक की अहम बैठक संपन्न हो गई। इस बैठक में केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष की साझा रणनीति, चुनावी मुद्दों और जनहित के सवालों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई बड़े फैसलों की जानकारी दी।
खरगे ने बताया कि बैठक में कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी पार्टी समेत कुल 25 राजनीतिक दलों ने हिस्सा लिया। हालांकि डीएमके और आम आदमी पार्टी इस बैठक से दूरी बनाए रही। वहीं उद्धव ठाकरे और हेमंत सोरेन वर्चुअली बैठक में शामिल हुए और अपने सुझाव साझा किए।
हर दो महीने में होगी INDIA ब्लॉक की बैठक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि गठबंधन के सभी दलों में इस बात पर सहमति बनी है कि INDIA ब्लॉक की बैठक अब हर दो महीने में आयोजित की जाएगी। इसी कड़ी में अगली बैठक अगस्त महीने में हैदराबाद में आयोजित होगी।
उन्होंने कहा कि संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्षी दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए विपक्ष के नेता के कार्यालय में रोज सुबह बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।
CJI को भेजा जाएगा पत्र
बैठक में चुनावी प्रक्रिया और कथित अनियमितताओं को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया। खरगे ने कहा कि SIR, कथित वोट लूट और चुनाव में धांधली जैसे मुद्दों को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को पत्र भेजने पर सहमति बनी है। यह पत्र जल्द ही सौंपा जाएगा।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
बैठक में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भी सर्वसम्मति बनी। खरगे ने कहा कि नीट और सीबीएसई परीक्षाओं में शामिल लाखों छात्रों के साथ विश्वासघात हुआ है, जिसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे उठे
कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से मौजूदा आर्थिक हालात, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और अन्य जनहित के मुद्दों पर चर्चा के लिए तुरंत सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की।
25 दलों ने साझा किए विचार
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बैठक में शामिल सभी 25 दलों ने अपने विचार रखे और कई अहम मुद्दों पर साझा सहमति बनी। उन्होंने कहा कि गठबंधन इन मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगा और आगे की रणनीति के साथ काम करेगा।