• May 5, 2026

तमिलनाडु में TVK सबसे बड़ी पार्टी, विजय बने विधायक दल के नेता

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे स्पष्ट होने के बाद राज्य की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। मंगलवार को पार्टी की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से पार्टी सुप्रीमो विजय को विधायक दल का नेता चुना गया।

बैठक में सरकार गठन को लेकर पार्टी का रुख भी साफ कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, बहुमत से कम सीटें होने के बावजूद TVK किसी भी तरह के समझौते से बचना चाहती है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह आत्मसम्मान के साथ कोई समझौता नहीं करेगी और समर्थन के लिए किसी भी दल के सामने पहल नहीं करेगी। हालांकि, जो भी दल TVK से संपर्क करेगा, उससे बातचीत के लिए पार्टी तैयार रहेगी। साथ ही, समर्थन देने वाले सहयोगी दलों को सत्ता में भागीदारी देने पर भी सकारात्मक रुख जताया गया है।

गौरतलब है कि 234 सदस्यीय विधानसभा में TVK को 108 सीटें मिली हैं, जो बहुमत के आंकड़े से 10 सीटें कम हैं। इसके बावजूद विजय ने राज्यपाल को पत्र लिखकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। उन्होंने कहा है कि सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते TVK को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाना चाहिए और विधानसभा में बहुमत साबित करने का अवसर दिया जाना चाहिए।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बहुमत साबित करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा गया है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि स्पष्ट बहुमत न होने की स्थिति में राज्यपाल कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेकर आगे का निर्णय करेंगे।

इस बीच, विजय के पनैयूर स्थित आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विजय ने पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से जीत दर्ज की है। संभावना है कि वह पेरंबूर सीट अपने पास रखते हुए दूसरी सीट छोड़ सकते हैं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *