नितिन गडकरी को सोशल मीडिया पर धमकी, नागपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उनके परिवार को सोशल मीडिया पर धमकी देने का मामला सामने आया है। इस गंभीर प्रकरण में नागपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दिल्ली के नांगलोई निवासी सुमित कुमार चौहान, जो एक व्यवसायी होने के साथ अखिल भारतीय हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं, 22 अप्रैल को निजी कार्य से नागपुर पहुंचे थे। यशवंत स्टेडियम क्षेत्र में रहते हुए उन्होंने फेसबुक पर “सनातनी शेर” नाम के अकाउंट से अपलोड एक आपत्तिजनक वीडियो देखा।
इस वीडियो में एक व्यक्ति ने नितिन गडकरी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। साथ ही आरोपी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गंभीर आरोप लगाए और ऐसा कंटेंट साझा किया, जिससे धार्मिक भावनाएं भड़क सकती थीं और विभिन्न समुदायों के बीच तनाव पैदा होने की आशंका थी।
इसके बाद सुमित कुमार चौहान ने धनतोली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि यह वीडियो नागपुर से ही पोस्ट किया गया था। पुलिस ने आरोपी की पहचान आयुष रमेश चंद्र अग्रवाल के रूप में की, जो महालक्ष्मी नगर, मानेवाड़ा चौक का निवासी है। आरोपी ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल कर भड़काऊ और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।