• April 24, 2026

दिल्ली में जीएसटी विभाग में बड़ा फेरबदल, 162 अधिकारियों का तबादला; सीएम का अस्पताल पर औचक निरीक्षण

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ट्रेड एंड टैक्सेस (जीएसटी) विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कुल 162 अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला किया गया है, जो लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात थे।

बताया गया है कि दिल्ली सरकार की यह कार्रवाई विभाग में सामने आई अनियमितताओं के बाद की गई है। मुख्यमंत्री ने 8 अप्रैल 2026 को जीएसटी विभाग का दौरा किया था, जहां उन्हें कई गंभीर खामियां मिली थीं। इसी के आधार पर बड़े पैमाने पर तबादलों का फैसला लिया गया।

इस कार्रवाई के तहत तीन असिस्टेंट कमिश्नर समेत कुल 162 कर्मचारियों को स्थानांतरित किया गया है। इनमें 58 सेक्शन ऑफिसर ग्रेड-1, 22 असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर ग्रेड-2, 74 सीनियर असिस्टेंट ग्रेड-3 और 5 जूनियर असिस्टेंट ग्रेड-4 शामिल हैं। सरकार का कहना है कि यह कदम प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

इसी बीच, मुख्यमंत्री ने गुरुवार को अरुणा आसफ अली सरकारी अस्पताल का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान अस्पताल में दवाओं की कमी और साफ-सफाई की खराब स्थिति सामने आई, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था और जल आपूर्ति जैसी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को जांच के दिन ही दवाएं उपलब्ध कराई जाएं और गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सरकारी सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को बेहतर सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *