• October 20, 2025

इतिहास के पन्नों में 07 अगस्तः हर कोई नहीं हो सकता गीत सेठी

 इतिहास के पन्नों में 07 अगस्तः हर कोई नहीं हो सकता गीत सेठी

देश-दुनिया के इतिहास में 07 अगस्त की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख भारत और बिलियर्ड्स के खेल के लिए खास है। वैसे भी

भारत में बिलियर्ड्स का जिक्र हो तो गीत सेठी की बात होना लाजिमी है। गीत श्रीराम सेठी ने 1985 में 07 अगस्त को ही विश्व ऐमेटर बिलियर्ड्स चैंपियनशिप में ऑस्ट्रेलिया के बॉब मार्शल को हराकर खिताबी जीत हासिल की थी। दोनों के बीच तकरीबन आठ घंटे तक चले इस मैच की चर्चा लंबे समय तक रही थी।

बिलियर्ड्स और स्नूकर के खेल में दुनिया भर में इंडिया का डंका बजाने वाले गीत सेठी का जन्म 17 अप्रैल, 1961 को दिल्ली में हुआ। नौ बार विश्व बिलियर्ड्स खिताब जीतने वाले इस महान खिलाड़ी पर पूरे देश को गर्व है।

गीत ने विल्सन जोन्स और माइकल फरेरा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए बिलियर्ड्स और स्नूकर में बुलंदियों को छुआ है। गीत सेठी ने 1982 में भारतीय राष्ट्रीय बिलियर्ड्स चैम्पियनशिप के रूप में अपना पहला बड़ा खिताब जीता और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। स्नूकर में सर्वाधिक 147 ब्रेक बनाने वाले पहले अमेच्योर खिलाड़ी के रूप में गीत गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी शामिल हैं। गीत सेठी को वर्ष 1986 में अर्जुन पुरस्कार और पद्मश्री पुरस्कार दिया गया। गीत को भारत के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1606: शेक्सपियर के नाटक मैक्बेथ का पहली बार मंचन किंग जेम्स प्रथम के लिए किया गया।

1753ः ब्रिटेन म्यूजियम की स्थापना की गई।

1880ः उचित वक्ता पंडित दुर्गाप्रसाद मिश्र द्वारा प्रकाशित होने वाला समाचार पत्र था।

1905: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने ब्रिटिश वस्तुओं के बहिष्कार का आह्वान किया।

1944: पहले कैलकुलेटर के नाम पर 51 फीट लंबी, आठ फीट ऊंची और पांच टन वजन की एक विशाल मशीन का निर्माण।

1947: बंबई (मुंबई) नगर निगम को बिजली और परिवहन व्यवस्था औपचारिक रूप से हस्तांतरित हुई।

1960: अफ्रीकी महाद्वीप के देश आइवरी कोस्ट को फ़्रांस के अधिकार से आजादी मिली।

1972: युगांडा के नेता इदी अमीन ने एशियाई मूल के लोगों को 90 दिन के भीतर देश छोड़कर चले जाने का आदेश दिया।

1985: गीत सेठी ने विश्व अमेच्योर बिलियर्ड्स चैंपियनशिप जीती। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह तीसरे भारतीय बने।

1990: अमेरिका ने सऊदी अरब में सेना तैनात कर ऑपरेशन डेजर्ट शील्ड शुरू किया।

1996ः अमेरिकी वैज्ञानिकों को 13 हजार वर्ष पूर्व पृथ्वी पर गिरे उल्का पिंड के अवशेषों से मंगल ग्रह पर एक कोशिका वाले जीवों के होने की संभावना का पता चला।

1998ः केन्या एवं तंजानिया की राजधानी में स्थित अमेरिकी दूतावासों पर आतंकवादी हमले में 200 से अधिक लोग मारे गए।

1999ः पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने एक बार फिर भारत से वार्ता की पेशकश की।

2000ः रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने एक कानून पर हस्ताक्षर कर अपनी शक्ति का विस्तार किया।

2003ः बगदाद में जार्डन दूतावास के बाहर हुए कार बम विस्फोट में 12 लोगों की मृत्यु।

2005ः इजराइल के वित्तमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने पद से इस्तीफा दिया।

जन्म

1871ः प्रख्यात कलाकार और साहित्यकार अवनीन्द्रनाथ ठाकुर।

1925ः प्रसिद्ध भारतीय कृषि वैज्ञानिक और हरित क्रांति के अगुआ एमएस स्वामीनाथन।

1955ः ख्यातिलब्ध भारतीय गायक सुरेश वाडेकर।

निधन

1941ः भारतीय लेखक और नोबेल पुरस्कार विजेता गुरु रबीन्द्रनाथ टैगोर।

2009ः हिन्दी फिल्मों के प्रसिद्ध गीतकार गुलशन बावरा।

2018ः तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि।

Digiqole Ad

Rama Niwash Pandey

https://ataltv.com/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *