ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत अफसरों ने योग कर निरोग रहने का दिया संदेश

प्रयागराज, 21 जून। दसवें अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर “भारत स्काउट एण्ड गाईड कालेज में वृहद योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित सांसद फूलपुर प्रवीण कुमार पटेल, विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, सदस्य विधान परिषद सुरेन्द्र चौधरी, नवनीत सिंह चहल जिलाधिकारी, गौरव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर आयोजकों की ओर से लगभग आठ हजार लोगों के योगाभ्यास के लिये प्रबन्ध किया गया था। लेकिन आगन्तुक उससे कहीं अधिक थे। यह योगाभ्यास कार्यक्रम प्रतिवर्ष 21 जून को मनाये जाने वाले विश्व योग दिवस के साथ ही ‘योग स्वयं एवं समाज के लिये’ थीम को समाहित किये हुए था। 15 जून से संचालित योग सप्ताह के समापन के पश्चात बृहद रूप में योगाभ्यास का आयोजन किया गया था।

कार्यक्रम की रूपरेखा जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कन्नौजिया ने तैयार की थी। जिसका क्रियान्वयन मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार एवं जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल के मार्गदर्शन में डॉ. शारदा प्रसाद क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी तथा उनकी टीम द्वारा किया गया।

ये भी पढ़े …..जीवन शैली के रूप में सभी को अपनाना चाहिए योग: एकनाथ शिंदे

उपमुख्यमंत्री केशव प्रयाद मौर्य ने समारोह स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए समाज को बीमारियों व महामारियों से बचने के लिये योग को नियमित रुप से अपनाने पर बल दिया। उन्होंने योग की वैश्विक प्रासंगिकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस विशाल एवं ऐतिहासिक योग कार्यक्रम के लिये पूरे जिला प्रशासन एवं सहयोगी विभाग व प्रयागवासियों को बधाई दी।

पूरा क्षेत्र चार जोन एवं 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया था, जिसमें आठ हजार से अधिक पंक्तिबद्ध योगाभ्यासी खड़े थे। योगाचार्य धर्मेन्द्र मिश्र ने भारत सरकार द्वारा जारी गईडलाइन के अनुसार 45 मिनट का योगाभ्यास कराया। जिसमें 32 विभिन्न प्रकार के योगासन थे। प्रत्येक सेक्टर में दो-दो मास्टर ट्रेनर की भी तैनाती की गई थी।

योगाभ्यास के पश्चात सहयोगी संस्थाओं, विभागों एवं मास्टर ट्रेनरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। उपमुख्य मंत्री ने पूरे कार्यक्रम की प्रशंसा की तथा जिला प्रशासन व आयुष विभाग की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन प्रभाकर त्रिपाठी ने किया। डाॅ. शारदा प्रसाद क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने अवगत कराया कि आयुष विभाग के चिकित्सालयों योगाभ्यास के माध्यम से बीमारियों के इलाज के लिये कुशल योग प्रशिक्षक नियुक्त हैं जहां से जन सामान्य अपनी स्वास्थ्य समस्याओं से सम्बन्धित उपचार प्राप्त कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *