ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

पिकअप वाहन खाई में गिरने से 14 लोग घायल, एक बुजुर्ग की मौत

 नैनीताल जिले में सड़क दुर्घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। चार दिन पहले ओखलकांडा के पतलोट में सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। रविवार देर रात एक बार फिर से सड़क दुर्घटना हुई है। इसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार रविवार रात को 15 लोग बेतालघाट महोत्सव से खरीदारी कर पिकअप वाहन से घर लौट रहे थे। इस दौरान बेतालघाट क्षेत्र में रातीघाट-बेतालघाट मोटर मार्ग पर देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर 100 फिट गहरी खाई में जा गिरा। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों को बाहर निकाल कर स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेतालघाट भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने नैनीचैक निवासी 65 वर्षीय उम्मेद सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद छह लोगों को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर किया गया है।

14 घायलों में मंजू कठायत, बालम सिंह, कंचन (12), सौरभ (15), हेमा देवी (25), पुष्पा बोहरा (29), सूरज कठायत (15), पना देवी (40), प्रभा कठायत (20), दीपा देवी (20), प्रभा बोहरा (32), कुंदन बोहरा (35), पिंकी बोहरा (32), और चंद्रा (16) के नाम शामिल हैं। सभी पल्सों और वर्धो गांव के निवासी हैं।

इससे पहले बीते पांच जून को ओखलकांडा के पतलोट में 14 यात्रियों को ले जा रहा मैक्स वाहन के खाई में गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई घायल हो गए थे।

लोगों का आरोप है कि सड़क मार्ग ठीक नहीं होने के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसके अलावा वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियों को भरना भी बड़ा कारण बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *