ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

उतार चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

घरेलू शेयर बाजार में आज आमतौर पर तेजी का रुख बना हुआ है। हालांकि कारोबार की शुरुआत होने के बाद से ही तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच एक दूसरे के ऊपर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से शेयर बाजार की चाल में भी उतार-चढ़ाव होता नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। पहले एक घंटे के कारोबार के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक बिकवाली का झटका लगने के बावजूद लगातार हरे निशान में बने हुए हैं। सेंसेक्स 0.31 प्रतिशत और निफ्टी 0.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से बीपीसीएल, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, कोल इंडिया, टाटा स्टील और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 2.43 प्रतिशत से लेकर 1.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर डिवीज लेबोरेट्रीज, एचडीएफसी लाइफ, सन फार्मास्युटिकल्स, सिप्ला और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के शेयर 2.18 प्रतिशत से लेकर 0.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,044 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,110 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 934 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 10 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल शेयरों में से 25 शेयर हरे निशान में और 25 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 270.26 अंक की मजबूती के साथ 74,953.96 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली के दबाव की वजह से ये सूचकांक गिर कर 74,810.85 अंक के स्तर तक लुढ़क गया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 231.16 अंक की मजबूती के साथ 74,914.86 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 77.50 अंक उछल कर 22,720.25 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में बिकवाली के दबाव के कारण ये सूचकांक गिर कर 22,678.70 अंक तक पहुंच गया। लेकिन इसके बाद खरीदारी के सपोर्ट से इस सूचकांक में दोबारा तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 66.80 अंक की बढ़त के साथ 22,709.55 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 58.80 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,683.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 23.55 अंक यानी 0.10 प्रतिशत फिसल कर 22,642.75 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *