ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मार्कण्डेय महादेव महोत्सव में सांसद दिनेश लाल यादव और मैथिली ठाकुर ने लूटी महफिल

कैथी स्थित आदि गंगा गोमती और गंगा के संगम स्थली मार्कण्डेय महादेव धाम में आयोजित “श्रीराम शिवोत्सव” के दूसरी निशा में रविवार देर शाम कलाकारों ने अपनी जीवंत प्रस्तुति से संगीत और भक्ति की गंगा प्रवाहित की। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग व संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त पहल पर शिवोत्सव में पहली प्रस्तुति सुगम सिंह शेखावत के नृत्य शिव स्तुति से हुई, तत्पश्चात फौजदार सिंह ने वीर रस से सिक्त आल्हा से महोत्सव में समा बांधा। इसके बाद आजमगढ़ के भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने अपने दमदार समसामयिक गीतों से लोगों को झूमने पर बाध्य कर दिया।

सांसद दिनेश लाल ने ‘अखिलेश हुए फरार निरहुआ डटल रहे की प्रस्तुति से लोगों को झूमा दिया। ‘देश प्रदेश में मोदी योगी के सरकार आइल और माफिया जेल में चले गए’ की प्रस्तुति से मंत्र को परवान चढ़ा दिया। महोत्सव की अंतिम प्रस्तुति प्रख्यात गायिका मैथिली ठाकुर की रही, अपनी सुमधुर भजनों और पारंपरिक गीतों से उन्होंने लोगों का दिल जीत लिया।

मैथिली ने अपने भाई अयाची ठाकुर, ऋषभ ठाकुर और पिता के साथ ‘मेरी झोपड़ी के भाग आज जाग जाएंगे राम आयेंगे’, ‘रामा रामा रटते रटते बीती उमरिया’ आदि की दमदार प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पहले अतिथियों का स्वागत क्षेत्रीय संस्कृति अधिकारी वाराणसी क्षेत्र तथा संचालन आशुतोष पांडेय ने किया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री डा० महेंद्र नाथ पांडेय ने भारतीय संस्कृति के उत्थान में ऐसे महोत्सव के आयोजन की महत्ता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संस्कृति की रक्षा से ही सबल राष्ट्र का निर्माण संभव है। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन, जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, बेसिक शिक्षा अधिकारी अरविंद पाठक, उपनिदेशक, पर्यटन आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *