ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

दर्शनार्थियों से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खाई में पलटी, एक की मौत

सर्दी आते ही कोहरे ने अपना असर दिखना शुरू कर दिया है। जनपद के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाराणसी से काशी विश्वनाथ से दर्शन कर सुल्तानपुर लौट रही स्कॉर्पियो गाड़ी पलट गई। इस हादसे में गाड़ी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 731 पर वाराणसी से काशी विश्वनाथ से दर्शन कर सुल्तानपुर लौट रही दर्शनार्थियों से भरी स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक पलटकर खाई में जा गिरी। इस हादसे के चलते कार सवारों में चीख पुकार मच गई। घायलों की पुकार सुन मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार छह लोगों को बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने दर्शनार्थी अभिनव पाठक की जाच पड़ताल के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल अभिषेक पाठक, अजय गुप्ता, धर्मेन्द्र कुमार, संतोष कुमार और प्रिंस कुमार की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। स्कार्पियो सवार सभी दर्शनार्थी एनसीसी लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी बताए जा रहे हैं, जो वाराणसी काशी से दर्शन कर वापस सुल्तानपुर जा रहे थे।

इस सम्बंध में थाना प्रभारी सिंगरामऊ ने बताया कि कार पलटने से हुए हादसे में एक युवक की मौत हुई है। पांच घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मृतक के परिवारीजनों को घटना की जानकारी देते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि बीते दो दिनों से सर्द ऋति में भोर के समय हाइवे आदि पर धुंध जैसे हालात बनने लगे हैं। इस धुंध में सड़कों पर विजिबिल्टी कम हो गई है। इस धुंध के चलते ही दो दिनों में जनपद में हुए सड़क दुर्घटनाओं में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, तो वहीं दो लोगों की मौत हो गई है। यातायात पुलिस ने हादसों की रोकथाम के लिए सर्दी में सड़कों पर दृश्यता कम होने के चलते वाहन चालकों से सावधानी से गाड़ियां चलाए जाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *