ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

यूपी के चित्रकूट में जनरथ बस और कार की टक्कर में पांच की मौत

उत्तर प्रदेश के जनपद चित्रकूट में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर को रोडवेज जनरथ बस और कार की आमने-सामने टक्कर हुई। हादसे एक मासूम बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। छह लोग घायल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस मृतकों की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। अधिकांश घायल और मृतक मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद में हुए सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की जनरथ बस (यूपी-78 एफटी 7912) चित्रकूट जिला मुख्यालय कर्वी से प्रयागराज के लिए जा रही थी। एक मध्य प्रदेश नम्बर की कार प्रयागराज से चित्रकूट आ रही थी। रैपुरा के बगरेही गांव के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। मार्ग दुर्घटना में कार सवार एक मासूम बच्चे समेत पांच लोगों की जान चली गई। छह लोग घायल हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी अभिषेक आनंद और पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल और रामनगर अस्पताल में भर्ती कराया। तीन लोगों को प्रयागराज मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह बोलेरो के विपरीत दिशा से आ जाने का होना बताया जा रहा है। मार्ग दुर्घटना में एक बच्चा सहित पांच लोगों की मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी लेकिन मध्य प्रदेश के रहने वाले बताएं जा रहे हैं। पुलिस टीमें मृतकों और घायलों की पहचान का प्रयास कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *