ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अमृत भारत स्टेशन योजना: चूरु में पुराने रेलवे क्वार्टरों को हटाया

उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य त्वरित गति से चल रहा है। सभी कार्यों की निविदा आमंत्रित कर कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं तथा पुराने भवनों को हटाने का तथा खुदाई के कार्य शुरू हो चुके हैं।

रेलवे के सीनियर डीसीएम महेश कुमार जेवलिया के अनुसार मंडल के चूरु स्टेशन पर पार्किंग व सर्कुलेटिंग एरिया को विकसित करने का कार्य प्रगति पर है। पार्किंग को विकसित करने के लिए पुराने रेलवे क्वार्टरों को हटाया जा चुका है। लगभग 250 मीटर लंबाई की बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जा चुका है तथा पार्किंग में मिट्टी का भराव भी लगभग पूरा हो चूका है। प्लेटफार्म संख्या 1 की लम्बाई को 40 मीटर बढ़ाने का कार्य प्रगति पर है।

चूरु स्टेशन पर प्रथम चरण में लगभग 18 करोड़ की लागत से जो कार्य करवाए जाने की योजना तैयार की गई है उनमें स्टेशन की ओर आने वाले मार्ग में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग प्रावधान, ड्रॉप ऑफ जोन, साइनेज इत्यादि में सुधार तथा सर्कुलेटिंग एरिया के सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्य, दो पहिया, चौपहिया एवं दिव्यांगजन के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग सुविधा, सौंदर्यवर्धन के लिएएलईडी लाइटिंग तथा दीवारों पर आर्ट वर्क के साथ स्टेशन के वर्तमान भवन के समरूप में बड़े स्तर पर सुधार, बुकिंग ऑफिस, रिटायरिंग रूम में सुधार और पुराने स्टेशन भवन के फर्श को ऊंचा उठाकर सुधार तथा नए वेटिंग एरिया एवम नए आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक का प्रावधान होगा। सभी सुविधाओं तक दिव्यांग जनों की पहुंच बनाने के लिए उपयुक्त साइनेज लगाना, 12 मीटर चौड़े पैदल पुल का निर्माण जिसमें रैंप के प्रावधान के साथ सभी प्लेटफार्म से जुड़ाव तथा पैदल पुल तक सभी प्लेटफार्म में कवरिंग का प्रावधान, स्टेशन की प्रकाश व्यवस्था में सुधार से संबंधित कार्य तथा हरित ऊर्जा उत्पादन के लिए सोलर पेनल लगाना, यात्री सूचना प्रणाली में सुधार हेतु कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन डिस्पले बोर्ड्स, सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम, बड़े एलइडी स्क्रीन्स तथा जीपीएस आधारित डिजिटल क्लॉक लगाना, प्लेटफार्म संख्या 1, 2 व 3 की लम्बाई को 40-40 मीटर बढ़ाना शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *