October 6, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

लखनऊ के हनीमैन और विभूतिखंड क्षेत्र में स्पॉ की आड़ में देह व्यापार

लखनऊ शहर में हनीमैन चौराहा के आसपास एवं विभूतिखंड क्षेत्र में देह व्यापार शातिराना तरीके से चल रहा है। यह दोनों ही इलाका पॉश में गिना जाता है। यहां स्पॉ सेन्टरों की आड़ में कई स्पॉ सेन्टर के संचालक देह व्यापार करा रहे हैं। यह पूरा व्यापार मोबाइल नम्बरों के वाट्सअप चैट के माध्यम से चल रहा है।

विभूतिखंड में प्रमुख मार्ग पर एक चाय की दुकान के ऊपर स्पॉ सेन्टर चल रहा है। जहां स्पॉ के लिए वाट्सअप चैट से एडवांस आर्डर लेकर ग्राहक बुलाये जाते हैं। ग्राहकों के स्पॉ पहुंचने के बाद वहां मौजूद लड़कियों को कुछ मिनट, कुछ घंटे के रेट पर दिखाया जाता है। देह व्यापार में लिप्त लड़कियों को पसंद करने पर ग्राहक को तत्काल ही रकम जमा करनी पड़ती है।

दूसरे राज्यों या शहरों से आने वाले उद्यमी या व्यापारी ज्यादातर विभूतिखंड अथवा हनीमैन चौराहे के निकट होटलों में रुकते हैं। होटल में रुकने वाले लोगों पर स्पॉ सेन्टर के संचालकों की पूरी नजर होती है। स्पॉ संचालक अपने लड़कों के माध्यम से होटल में रुके लोगों तक अपनी बातों को पहुंचाता है। जब ग्राहक तैयार हो जाता है, तो उसे पहले स्पॉ सेन्टर बुलाया जाता है।

होटल में रुके ग्राहक की गारंटी पर स्पॉ सेन्टर से जुड़ी लड़कियों को होटल के कमरों में भी भेज दिया जाता है। जहां लड़कियों को ले जाने वाले लड़के बाहर मौजूद रहते हैं और तय समय के बाद लड़कियों को वापस ले आते हैं।

सूत्रों ने बताया कि गोमती नगर के विकास खंड में कुछ लॉज में स्पॉ सेन्टर में काम करने वाली लड़कियां रहती हैं। लॉज के एक कमरे के लिए लड़कियों को 10 हजार रुपये महीने तक चुकाना पड़ता है। यहां पर भी स्पॉ सेन्टर की लड़कियां रात के अंधेरे में अपने ग्राहक बुला लेती हैं। इसे प्राइवेट सर्विस कहा जाता है और इसके लिए लड़कियां अपने हाथ में रकम लेती हैं।

स्पॉ सेन्टर से जुड़ी लड़की मोनी (बदला हुआ नाम) ने कहा कि झारखण्ड के रांची के पास एक गांव से वह नौकरी की तलाश में लखनऊ आयी थी। यहां स्पॉ सेन्टर में काम करते हुए वह ज्यादा रुपयों के लिए देह व्यापार में उतर गयी। वर्तमान समय में दवाओं के बदौलत वह अपने काम को बखुबी अंजाम देती है।

गोमती नगर थाने पर बीते एक वर्ष में कई बार विकास खण्ड में स्पॉ लड़कियों और ग्राहकों से झगड़े की शिकायतें सामने आ चुकी है। थाने पर आने वाले शिकायतें अक्सर रात में आती हैं और जिसमें सामने आता है कि ग्राहक से तय रकम से कम देने पर लड़कियों की सुरक्षा में रहने वाले लड़के ग्राहक को पीटते हैं। जिसे झगड़ा बताया जाता है और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.