• October 19, 2025

जमीन कब्जाने वाले किसी भी सूरत में बचने नहीं चाहिए : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि जमीन पर कब्जा करने वाले और गरीबों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बचने नहीं चाहिए।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास पांच कालिदास मार्ग पर जनता दर्शन के दौरान आम जन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। विभिन्न जिलों से लगभग 220 लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समाधान के लिए निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी ने सबको आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निस्तारण कराना उनकी प्रतिबद्धता है। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दो टूक हिदायत भी दी कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए। किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले, कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी एस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए।

Digiqole Ad

Rama Niwash Pandey

https://ataltv.com/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *