ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मुख्यमंत्री धामी ने राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड हादसे पर कहा है कि सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। लापता लोगों को खोजने लिए मुस्तैदी के साथ राहत बचाव कार्य जारी है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री धामी सचिवालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश भर में जारी बारिश की स्थिति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने गौरीकुंड में चल रहे राहत बचाव कार्य में तेजी लाने के साथ ही शासन स्तर से हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौरीकुंड में हुए हादसे के बाद लगातार राहत बचाव कार्य जारी है। लापता लोगों को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे में मृतक व लापता लोगों के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है। एसडीआरएफ, जिला प्रशासन सभी टीमें मौके पर मौजूद हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रमुख नदियों के जलस्तर की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन भी क्षेत्र में जल स्तर बढ़ जाने से बाढ़ की समस्या आ रही है, उन सभी स्थानों पर अलर्ट जारी किया जाए और सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों के आसपास बनी इमारत और कच्चे मकानों में रह रहे लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।

इस दौरान अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव अभिनव कुमार सचिव आपदा रंजीत सिन्हा, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

 

गौरीकुंड पहुंचे डीएम-एसपी, घटना के संबंध में ली जानकारी

केदारनाथ यात्रा का आधार शिविर गौरीकुंड में डाटपुलिया के समीप भारी भूस्खलन की घटना की सूचना पर जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार, पुलिस अधीक्षक डॉ. विशाखा अशोक भदाणे घटना स्थल पर पहुंचे हैं। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में लगी रेस्क्यू टीम से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है। उन्होंने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वाईएमएफ, पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों को तत्परता के साथ सावधानी एवं सतर्कता से रेस्क्यू कार्य करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने आवाजाही को सावधानी से कराने के निर्देश दिए तथा टीमों को सतर्कता से कार्य करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, पुलिस उपाधीक्षक विमल रावत सहित रेस्क्यू टीम के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *