ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

क्रिसमस और नए साल पर रांची में शक्ति कमांडो संभालेंगे मोर्चा

झारखंड की राजधानी रांची में क्रिसमस और नए साल के जश्न पर कोई खलल न पड़े, इसके लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। सैलानियों की सुरक्षा और हुड़दंगियों पर नकेल कसने के लिए रांची पुलिस ने जोरदार तैयारी की है। सुरक्षा के मोर्चे पर 700 शक्ति कमांडो को उतारा जाएगा।

एसएसपी चंदन सिन्हा के अनुसार राजधानी रांची में इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा खासतौर पर मनचलों पर लगाम कसने के लिए 50 महिला शक्ति कमांडों पहरा देंगी। यह 25 दिसंबर से 15 जनवरी तक शहर के सभी पार्कों पर नजर रखेंगी। दशम, जोन्हा फॉल जैसे सभी पिकनिक स्पॉट्स पर पुलिस सहायता केंद्र होंगे। पर्यटन मित्रों का सहयोग लिया जाएगा। नशे में वाहन चलाने वालों की जांच के लिए कुछ स्थान को चिह्नित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी पुलिस स्टेशन को कड़े दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी पर्यटन स्थलों पर सूचना बोर्ड और फ्लेक्स लगाकर सावधानी बरतने की अपील की गई है। इनमें स्थानीय थाना प्रभारी और डीएसपी के नंबर भी डिस्प्ले होंगे। इमरजेंसी की स्थिति में लोग डायल 100 और 112 पर सूचना दे सकते हैं। एसएसपी ने बताया कि फॉल और झरने- जहां डूबने की आशंका ज्यादा रहती है, वहां एनडीआरएफ की टीम और गोताखोर मौजूद रहेंगे। सैलानियों से अपील की गई है कि खतरनाक स्थानों पर जाकर सेल्फी ना लें। डूबने वाले इलाके में स्नान के लिए न उतरें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *