ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

बनासकांठा में कांग्रेस की गेनीबेन ठाकोर की जीत से भाजपा की हैट्रिक रुकी

करीब एक दशक बाद गुजरात में कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में अपना खाता खोला है। बनासकांठा में कांग्रेस की गेनीबेन ठाकोर ने भाजपा उम्मीदवार रेखाबेन चौधरी को 23,839 मतों से शिकस्त देकर भाजपा को सभी 26 सीट जीतने की हैट्रिक रोक दी है।

बनासकांठा लोकसभा सीट पर मंगलवार सुबह से ही मतों की गिनती के शुरू होने के साथ भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखी जा रही थी। इस सीट पर कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस आगे हो रही थी। अंत में कांग्रेस की गेनीबेन ठाकोर को कुल 6,31,355 मत मिले और भाजपा की रेखाबेन चौधरी को 6,07,516 मत मिले। कांग्रेस की गेनीबेन 23,829 मतों से जीत गई।

कांग्रेस को गुजरात से पहली सीट दिलाने वाली गेनीबेन की जीत पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपने एक्स हैंडल से बधाई दी। कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा कि हमारी बहन गेनीबेन 15 हजार से अधिक मतों से बनासकांठा से जीत होने पर उन्हें हार्दिक अभिनंदन।

बनासकांठा लोकसभा सीट पर इस बार भाजपा ने सीटिंग सांसद परबत पटेल का टिकट काट कर बनास डेयरी के आद्यसंस्थापक गलबा चौधरी की पुत्रवधु रेखा चौधरी को मैदान में उतारा था। वहीं, कांग्रेस ने वाव विधानसभा सीट की विधायक गेनीबेन ठाकोर को अपना उम्मीदवार बनाया था। चौधरी और ठाकोर समाज की वर्चस्व वाली सीट पर पहले से ही भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही थी। बनासकांठा में 7 मई को हुए मतदान में भारी मतदान दर्ज किया गया था। यहां 69.62 फीसदी मतदान हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *