ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

उत्तराखंड में प्री-मानसून की बारिश, गर्मी से मिली राहत, अगले चार दिनों के लिए अलर्ट जारी

उत्तराखंड में प्री-मानसून की दस्तक से तपिश भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। गर्जन के साथ बारिश की तेज बौछारें और हवा से तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग अगले चार दिनों के लिए विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों के लिए भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की है।

गुरुवार तड़के से देहरादून, मसूरी, चकराता सहित आसपास के निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश की तेज बौछारें पड़ रही हैं। पर्वतीय इलाकों में आसमान में बादल डेरा डाले हुए हैं। देहरादून में सुबह से बादलों के ओट में सूर्यदेव छिपे हुए हैं। पिछले कई दिनों से दून के अलावा मसूरी, डोईवाला, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, उधमसिंहनगर, हल्द्वानी और श्रीनगर गढ़वाल में भी चिलचिलाती धूप से लोग बेहाल रहे। आज तेज हवा और गर्जन के साथ होने वाली बारिश से निचले इलाकों में भी उमस भरी गर्मी से राहत मिली। देहरादून में प्री-मानसून की पहली बारिश में लोग छतों और आंगन में नहाने का आनंद लेते देखे गए।

मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में 22 जून (गुरुवार) से 26 जून तक गर्जन के साथ बारिश और झोंकेदार हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के विशेषकर पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, तीव्र बौछार तथा झोंकेदार हवाएं (वायु गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा) चलने की संभावना है। प्रदेश में 23 जून को नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। 24 से लेकर 26 तक राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 25 जून तक होने वाली बारिश प्री-मानसून की बारिश में दर्ज की जाएगी। राज्य में 25 जून को पूरी तरह से मानसून प्रवेश कर जाएगा। मानसून के दौरान पर्वतीय इलाकों में अच्छी बारिश के आसार हैं। जबकि इन दिनों में मैदानी इलाकों का भी मौसम बदलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *