ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

आनंद शर्मा को बाहरी बताने पर कांग्रेस ने घेरी भाजपा

कांग्रेस पार्टी के कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के मीडिया कोआर्डिनेटर संजीव गांधी ने कहा कि भाजपा के नेता यह झूठ फैलाने में जुटे हुए हैं कि कांगड़ा-चंबा लोकसभा सीट के कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हिमाचल के नहीं हैं और बाहरी हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि यह तथ्यहीन बातें है जबकि सच्चाई यह है कि आनंद शर्मा की पैदाइश शिमला की है, वह यहीं पले बढ़े हैं और उनकी स्कूल व कॉलेज की पढ़ाई शिमला की है। वह शिमला विश्वविद्यालय में पढ़े हैं। ऐसे में जिसका जन्म से लेकर बचपन शिमला में बीता है, वो बाहरी कैसे हो सकता है।

संजीव गांधी ने यहां आयोजित प्रेसवार्ता में सवाल उठाते हुए कहा कि क्या भाजपा के नेता यह कहने की कोशिश में जुटे हैं कि शिमला हिमाचल का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की नियत में खोंट का पता इसी बात से लग जाता है कि जहां उनके अपने सर्वोच्च नेता नरेंद्र मोदी अपना प्रदेश गुजरात छोड़ कर यूपी के बनारस में चुनाव लड़ते हैं, वहीं हेमा मालिनी मुंबई से चुनाव लड़ने मथुरा आती हैं और स्मृति इरानी अमेठी जाकर चुनाव लड़ती हैं, तब भाजपा को अपने ये नेता बाहरी नहीं लगते। जबकि हिमाचल का सपूत जो यहीं पला बड़ा और जिसका घर शिमला में है उसे भाजपा नेता बाहरी बताकर झूठा अलाप करने में लगे हुए हैं।

उधर, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष डॉ. कैलाश पराशर ने कहा कि आनंद शर्मा को बाहरी बताते वाले भाजपा के नेता यह बात भूल गए है कि जब हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जा रहा था, तो जनसंघ के जमाने में उनके ही नेता स्टेट हुड मारो ठूड की बातें करके इसका विरोध करते थे। आज वही भाजपा नेता शिमला के निवासी आनंद शर्मा को बाहरी बताकर हिमाचलवासियों का अपमान करने में जुटे हुए हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वास्तव में आनंद शर्मा के कांगड़ा-चंबा में प्रत्याशी बनने के बाद भाजपा को अपनी हार साफ दिखाई दे रही है। कांग्रेस के एक आला नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री के सामने उनका उम्मीदवार टिक नहीं पा रहा, इसलिए अब वे उनको बाहरी बताकर झूठे प्रचार में लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा-चंबा और प्रदेश की जनता इस बात को भली भांती जानती है कि आनंद शर्मा हिमाचली हैं और पूरे संसदीय क्षेत्र में जनता उन्हें पूरा समर्थन दे रही है और उनके भाषणों को गंभीरता से सुन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *