• June 24, 2026

फोन कॉल से क्यों बचती है Gen Z? जानिए क्या है टेलीफोबिया और इसके पीछे की वजह

आज के डिजिटल दौर में जहां कभी फोन कॉल बातचीत का सबसे आसान और भरोसेमंद माध्यम माना जाता था, वहीं अब Gen Z यानी 1990 के दशक के आखिर और 2000 के बाद जन्मी पीढ़ी फोन कॉल से दूरी बनाती नजर आ रही है। यह पीढ़ी कॉल करने या उठाने की बजाय टेक्स्ट मैसेज, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम डीएम और ईमेल के जरिए संवाद करना ज्यादा पसंद करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसके पीछे केवल सुविधा नहीं, बल्कि एक मनोवैज्ञानिक कारण भी हो सकता है, जिसे “टेलीफोबिया” कहा जाता है।

क्या है टेलीफोबिया?

टेलीफोबिया का मतलब है फोन पर बात करने से डर, घबराहट या असहजता महसूस होना। ऐसे लोग अक्सर कॉल करने या रिसीव करने से बचते हैं और बातचीत के लिए मैसेजिंग को प्राथमिकता देते हैं। उन्हें यह चिंता रहती है कि सामने वाला उनकी बात को कैसे समझेगा या प्रतिक्रिया कैसी होगी।

रिसर्च में क्या सामने आया?

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, मेडिकल छात्रों में टेलीफोबिया काफी आम पाया गया है। लगातार तनाव, नींद की कमी और काम का दबाव फोन की घंटी को भी चिंता का कारण बना सकता है। यह स्थिति व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है।

Gen Z को टेक्स्टिंग क्यों पसंद है?

डिजिटल माहौल में पली-बढ़ी Gen Z के लिए चैटिंग एक स्वाभाविक संवाद माध्यम बन चुकी है। टेक्स्ट मैसेजिंग का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें तुरंत जवाब देने का दबाव नहीं होता। लोग सोच-समझकर अपनी बात लिख सकते हैं, जबकि फोन कॉल में तुरंत प्रतिक्रिया देनी पड़ती है, जो कई युवाओं के लिए तनावपूर्ण हो सकता है।

फोन कॉल से क्यों होती है घबराहट?

विशेषज्ञों के अनुसार, फोन पर बातचीत के दौरान सामने वाले के चेहरे के भाव या बॉडी लैंग्वेज दिखाई नहीं देती। इससे संवाद को सही तरह समझना मुश्किल हो सकता है। कई युवाओं को डर रहता है कि वे कुछ गलत न कह दें या उनकी बात का गलत अर्थ न निकाला जाए। अचानक आने वाली कॉल भी उन्हें असहज कर सकती है क्योंकि तैयारी का समय नहीं मिलता। यही वजह है कि कई लोग पहले कॉल काटकर मैसेज भेजते हैं और पूछते हैं, “क्या बात है?”

सोशल मीडिया ने कैसे बदली बातचीत की आदत?

सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स ने संवाद का तरीका पूरी तरह बदल दिया है। आज लोग इमोजी, वॉयस नोट्स, रिएक्शन और छोटे-छोटे संदेशों के जरिए अपनी बात आसानी से साझा कर लेते हैं। धीरे-धीरे फोन कॉल की जगह चैटिंग ने ले ली है, जिससे फोन पर बातचीत की आदत कम होती जा रही है।

टेलीफोबिया से कैसे निपटें?

  • छोटी और आसान फोन कॉल से शुरुआत करें।
  • जरूरी बातें पहले नोट कर लें।
  • कॉल करने से पहले गहरी सांस लेकर खुद को शांत करें।
  • दोस्तों और परिवार के साथ नियमित फोन पर बात करने का अभ्यास करें।
  • हर कॉल को परफेक्ट बनाने का दबाव खुद पर न डालें।

विशेषज्ञों का कहना है कि फोन कॉल से जुड़ी झिझक को धीरे-धीरे अभ्यास और आत्मविश्वास के जरिए कम किया जा सकता है। हालांकि, यदि यह डर दैनिक जीवन और कामकाज को प्रभावित करने लगे, तो मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेना फायदेमंद हो सकता है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *