ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

इजरायल-हमास जंग के कारण घरेलू शेयर बाजार में गिरावट

इसराइल और हमास के बीच शुरू हुई जंग का असर आज घरेलू शेयर बाजार पर भी नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। शुरुआती कारोबार में कुछ देर के लिए बिकवाली का दबाव भी बना। लेकिन थोड़ी ही देर बाद खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी, जिसकी वजह से शेयर बाजार निचले स्तर से कुछ हद तक रिकवर करने में सफल रहा। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 37 प्रतिशत और निफ्टी 40 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, डिवीज लेबोरेट्रीज और बजाज ऑटो के शेयर 1.35 प्रतिशत से लेकर 0.67 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, अडाणी पोर्ट्स, बीपीसीएल, अडाणी एंटरप्राइजेज, टाइटन कंपनी और एशियाई पेंट्स के शेयर 2.74 प्रतिशत से लेकर 1.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,025 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 431 शेयर मुनाफा कमाकर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,594 शेयर नुकसान उठाकर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 9 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 21 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल शेयरों में से 15 शेयर हरे निशान में और 35 शेयर लाल निशान में कारोबार करते दिख रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 435.56 अंक टूट कर 65,560.07 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली के दबाव में ये सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 125 अंक लुढ़क कर 65,434.61 अंक के स्तर पर पहुंच गया। लेकिन इसके बाद खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होता नजर आने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 244.007 अंक की कमजोरी के साथ 65,751.56 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 96.05 अंक की गिरावट के साथ 19,539.45 अंक के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही ये सूचकांक भी करीब 60 अंक गिरकर 19,480.50 अंक के स्तर पर पहुंच गया। लेकिन इसके बाद खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर इसने भी रिकवरी शुरू कर दी। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 79.45 अंक की गिरावट के साथ 19,574.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

दुनिया भर से आ रहे कमजोरी के संकेतों के बीच आज प्री ओपनिंग सेशन में घरेलू शेयर बाजार ने भी गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की थी। इस सेशन में बीएसई का सेंसेक्स 469.98 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 65,291.35 अंक के स्तर पर था। वहीं निफ्टी प्री ओपनिंग सेशन में 93.65 अंक यानी 0.48 प्रतिशत टूट कर 19,559.85 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ था।

इसके पहले पिछले कारोबारी सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 364.06 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की मजबूती के साथ 65,995.63 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 107.75 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,653.50 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *