ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

सिक्किम आपदा में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हुई

सिक्किम में अचानक आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। इनमें छह सैनिक हैं। एक सैनिक को सकुशल निकाल लिया गया है। 103 लोग लापता हैं। नदी में उफान के कारण तीस्ता बेसिन में स्थित डिक्चू, सिंगतम और रंगपो सहित कई कस्बों में भी बाढ़ के हालात हैं।

राज्य के विभिन्न हिस्सों में 3,000 से अधिक पर्यटकों के फंसे होने की सूचना है। कलिम्पोंग के तीस्ता बाज़ार क्षेत्र में बड़ी संख्या में इमारतें और वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इमारतों के पुनरुद्धार का कार्य चल रहा है। सेना और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें तीसरे दिन तीस्ता नदी बेसिन और निचले उत्तर बंगाल में कीचड़ और तेज बहते पानी के बीच लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। इसके साथ ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में फंसे लोगों को निकालने के प्रयास जारी हैं।

भारतीय सेना के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार लापता सैनिकों की तलाश का अभियान अब तीस्ता बैराज के निचले इलाकों पर केंद्रित है। इसके लिए सिंगताम के पास बुरदांग में घटना स्थल पर खुदाई कर सेना के वाहनों को निकाला जा रहा है। खोज अभियान में सहायता के लिए टीएमआर तिरंगा माउंटेन रेस्क्यू, ट्रैकर कुत्तों और विशेष राडार की टीमों के संदर्भ में अतिरिक्त संसाधन लाए गए हैं। वाहनों के आवागमन के लिए एक लेन को साफ करने के साथ सिंगतम और बुरदांग के बीच सड़क संपर्क बहाल कर दिया गया है। भारतीय सेना के जवान उत्तरी सिक्किम में फंसे नागरिकों और पर्यटकों को संचार सुविधाएं प्रदान करते हुए भोजन और चिकित्सा सहायता प्रदान कर रहे हैं।

रक्षा अधिकारियों के अनुसार सैन्य मामलों का विभाग सिक्किम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सैन्य कर्मियों द्वारा किए जा रहे बचाव और राहत कार्यों का समन्वय कर रहा है। सैन्य और नागरिक अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों से फंसे हुए नागरिकों को निकालने के लिए सड़कों और संचार की कनेक्टिविटी बहाल करने की दिशा में भी काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *