डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप पहुंचीं अक्षरधाम मंदिर, भारत दौरे के दौरान संस्कृति और विरासत की सराहना
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बूलोस के साथ निजी भारत दौरे पर नई दिल्ली स्थित प्रसिद्ध स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ कुछ करीबी मित्र भी मौजूद रहे। इस खास यात्रा की जानकारी टिफनी ट्रंप और अक्षरधाम मंदिर दोनों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के जरिए साझा की।
टिफनी ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में अक्षरधाम मंदिर की यात्रा को ‘अद्भुत अनुभव’ बताया। उन्होंने मंदिर की भव्यता, भारतीय संस्कृति और समृद्ध विरासत की सराहना करते हुए कहा कि यह दौरा उनके लिए बेहद खास और यादगार रहा।
वहीं, उनके पति माइकल बूलोस भी इस सांस्कृतिक यात्रा में उनके साथ नजर आए। नई दिल्ली स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर प्रशासन ने भी इस अवसर पर पोस्ट साझा करते हुए कहा, “संस्कृति और विरासत को जानने का यह एक सुंदर दिन रहा। टिफनी ट्रंप, माइकल बूलोस और उनके मित्रों की मेजबानी करना हमारे लिए सम्मान की बात रही।”
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर टिफनी ट्रंप और माइकल बूलोस का भारत में स्वागत किया। उन्होंने लिखा, “भारत में आपका स्वागत है।”
टिफनी ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पूर्व पत्नी मारला मेपल्स की बेटी हैं। उनके चार सौतेले भाई-बहन हैं — डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, इवांका ट्रंप, एरिक ट्रंप और बैरन ट्रंप। टिफनी ने वर्ष 2020 में जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी लॉ सेंटर से कानून की डिग्री हासिल की थी। वह 2016, 2020 और 2024 के राष्ट्रपति चुनावों में अपने पिता के चुनाव प्रचार में भी सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं।
सोशल मीडिया पर लोकप्रिय टिफनी ट्रंप के पति माइकल बूलोस एक अमेरिकी-लेबनानी व्यवसायी हैं। दोनों ने 12 नवंबर 2022 को शादी की थी। भारत दौरे के दौरान उनकी अक्षरधाम मंदिर यात्रा को सांस्कृतिक जुड़ाव और भारतीय विरासत के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।