ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

गोली चलाने के आरोप में हरियाणा के अधिवक्ता सहित तीन गिरफ्तार

युवक को मामूली विवाद में गोली मारने के मामले में पुलिस ने हरियाणा के अधिवक्ता सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया, जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी कार्यालय के अनुसार शुक्रवार की देर रात्रि करीब दो बजे थाना कोतवाली को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि त्यागी रोड पर कुछ लोगों के बीच हुए विवाद में फायरिंग की घटना हुई है, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया है। इस सूचना पर थाना कोतवाली से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा। घटना के सम्बन्ध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि आकाश नाम का एक युवक अपने भाई शिवम व अपने दोस्त के साथ अपनी मोटरसाइकिल से रेलवे स्टेशन से त्यागी रोड की ओर जा रहा था, तभी कमल होटल के पास कार सवार तीन व्यक्तियों ने उन्हें रुकने का इशारा करते हुए उनके किसी रेस्टोरेंट के सम्बन्ध में जानकारी मांगी।

इस बीच किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के मध्य विवाद हो गया। कार सवार तीन व्यक्तियों में से एक ने अपनी रिवाल्वर निकालकर आकाश और उसके साथियों पर फायर कर दिया, जिससे आकाश के भाई शिवम के पैर पर गोली लग गयी। शिवम को तत्काल आकाश दून अस्पताल ले गया।

घटना के सम्बन्ध में आकाश ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया और आरोपितों की धरपकड को टीमें बनाकर घटनास्थल के आसपास के लगभग 35 सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया, तो घटना में होंडा एस क्रास कार एचआर78बी9700 का प्रयोग किया जाना प्रकाश में आया। इस पर पुलिस टीम ने कार की तलाश को सघन चेकिंग अभियान चलाया और घटना को अंजाम देने वाले तीनों आरोपितों रजत जयसवाल, चिराग कुमार तथा देवेन्द्र सिंह को रेलवे स्टेशन के निकट एक बारात घर के पास से गिरफ्तार किया गया। उनकी तलाशी लेने पर उनके पास से घटना में प्रयुक्त रिवाल्वर 01 जिंदा कारतूस व दो खोखा कारतूस बरामद हुए।

उनसे पूछताछ में उनके द्वारा बताया गया कि त्यागी रोड में कुछ युवकों से उनका रेस्ट्रोरेंट का पता पूछने पर विवाद हो गया था। इस पर रजत जायसवाल ने आवेश में आकर उन पर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर झोंक दिया। रजत जयसवाल फरीदाबाद कोर्ट में वकील है, जिसका सहस्त्रधारा रोड में भी एक फ्लैट है। वह अपने साले की शादी के प्री वेडिंग शूट के लिये देहरादून आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *