ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

औरैया: ग्राम प्रधान सहित तीन घरों में करोड़ों की चोरी

अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात को ग्राम प्रधान सहित तीन घरों में करोड़ों की चोरी हुई है। मामले की जानकारी होने पर शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक दिगम्बर कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी अजीतमल भरत पासवान व कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में पांच संदिग्ध युवक नजर आये हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई।

एएसपी ने शनिवार को बताया कि ग्राम पंचायत भदसान के प्रधान एवं ठेकेदार रविन्द्र कुमार यादव उर्फ श्यामू यादव की पुत्री नित्या का शुक्रवार को जन्मदिन था। जन्मदिन कार्यक्रम के अधिक रात होने पर परिवार के सभी लोग खेत में बने घर में सो गए थे। शनिवार की सुबह जब परिवार के लोग घर पहुंचे तो देखा कि घर का मुख्य गेट का ताला टूटा है। भीतर पहुंचे तो तीन कमरों के भी ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा हुआ था। बक्शे और अलमारी में रखा गया करीब 80 लाख रुपये के जेवर और तीन लाख रुपये नकद गायब थे।

प्रधान श्यामू यादव ने बताया कि उनके भाई रामू और पिता राजा सिंह अहमदाबाद में रहकर ठेकेदारी करते है। सभी का सामान घरों में रखा था, जो चोर चुरा ले गए हैं। ग्राम प्रधान के अलावा चोरों ने पड़ोसी दीवान सिंह के सूने घर को निशाना बनाया। घर की रखवाली कर रहे भाई लाल सिंह ने बताया कि उनका छोटा भाई दीवान सिंह अपने दो पुत्र शैलेंद्र और सयुंक्त परिवार के साथ दिल्ली में रहता है। घर पर पुत्रों, पुत्रवधुओं सहित दीवान सिंह का सभी सामान रखा था, जो चोर चुरा ले गए हैं। चोरी की जानकारी परिवार के आने पर ही पता चलेगा, लेकिन उनके मुताबिक चोरों ने लाखों के जेवर और नकदी चुरायी है।

इसके बाद चोर मीरा देवी के मकान में लगे दरवाजे के ऊपर का जंगला काटकर घर में घुसे। बच्चों के एडमिशन के लिए रखे 30 हजार रुपये कैश सहित करीब पांच लाख रुपये के जेवर पर हाथ साफ कर गए। पुलिस पूछताछ में मीरा ने बताया कि पुत्र सुधांशु अपने परिवार के साथ बाहर रहता है। वह अपने दूसरे पुत्र सुधीर की पत्नी राधा और पोते मौलिक और पुत्री यशवी के साथ घर में रहती हैं। चोरों ने देर रात घर में चोरी की है।

एएसपी ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बारेपुर गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित सुभाष यादव के घर पर लगे सीसीटीवी में पांच संदिग्ध लोग नजर आ रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि इन्हीं पांचों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इनकी तलाश के लिए टीमें लगा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *