• June 23, 2026

‘जहां है गालियां, वहां है आलिया’ पोस्ट से मचा बवाल, समय रैना के शो के बाद सुनील पाल का तंज चर्चा में

मुंबई: कॉमेडियन सुनील पाल एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सुर्खियों में हैं। उनके हालिया फेसबुक पोस्ट ने मनोरंजन जगत में नई बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस पोस्ट को अभिनेत्री आलिया भट्ट पर किया गया तंज मान रहे हैं, हालांकि सुनील पाल ने अपने पोस्ट में किसी का नाम लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है। दरअसल, यह पूरा मामला कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के नए सीजन से जुड़ा है। हाल ही में अभिनेत्री आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अपनी आगामी फिल्म ‘अल्फा’ के प्रमोशन के लिए शो में पहुंची थीं।

शो में हुआ पुराना विवाद याद

एपिसोड के दौरान समय रैना ने एक पुराने वायरल कमेंट का जिक्र करते हुए एक कंटेस्टेंट से मजाकिया अंदाज में पूछा कि वह कौन-सा टूथपेस्ट इस्तेमाल करती हैं। इसके बाद उन्होंने हंसते हुए कहा कि वही टूथपेस्ट सुनील पाल को भी दे देना। इस टिप्पणी पर सेट पर मौजूद लोग हंस पड़े और आलिया भट्ट भी मुस्कुराती नजर आईं। बातचीत के दौरान आलिया ने यह भी बताया कि उन्होंने पहले वह एपिसोड देखा था, जिसमें समय रैना और सुनील पाल साथ में ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में दिखाई दिए थे।

सुनील पाल की पोस्ट बनी चर्चा का विषय

एपिसोड प्रसारित होने के बाद सुनील पाल ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें लिखा था, “जहां है गालियां, वहां है आलिया।” पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। कई लोगों ने इसे आलिया भट्ट पर कटाक्ष माना, जबकि कुछ यूजर्स का कहना है कि बिना स्पष्ट संदर्भ के पोस्ट के मायने निकालना जल्दबाजी होगी।

पुराना है सुनील पाल और समय रैना का विवाद

गौरतलब है कि सुनील पाल और समय रैना के बीच मतभेद कोई नई बात नहीं है। पिछले वर्ष सुनील पाल ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के पहले सीजन की आलोचना करते हुए कहा था कि शो में कई बार अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया जाता है, जो मनोरंजन के नाम पर सही नहीं है। वहीं, ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में समय रैना ने मजाकिया अंदाज में सुनील पाल से पूछा था, “आप ब्रश क्यों नहीं करते?” यह क्लिप सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी और उसी संदर्भ को अब ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में फिर से याद किया गया।

सोशल मीडिया पर बंटी राय

सुनील पाल के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की राय बंटी हुई नजर आ रही है। कुछ यूजर्स उनके बयान का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई लोग इसे अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोशिश बता रहे हैं। फिलहाल न तो आलिया भट्ट और न ही उनकी टीम की ओर से इस पोस्ट पर कोई प्रतिक्रिया सामने आई है। वहीं, सुनील पाल ने भी अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि उनका पोस्ट किस संदर्भ में लिखा गया था।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *