ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

प्रयास विद्यालय में शिक्षकाें की कमी से नाराज छात्र- छात्राओं ने किया चक्काजाम

कांकेर, 5 अगस्त। जिले में प्रयास आवासीय विद्यालय में शिक्षा सत्र शुरू हुए दो माह बीतने के बाद भी शिक्षकाें की कमी दूर नहीं होने से नाराज छात्र- छात्राओं ने साेमवार काे करीब एक घंटे तक एनएच 30 के बाईपास मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। अपना भविष्य संवारने के लिए शिक्षकों की मांग कर रहे बच्चों ने चक्काजाम के दौरान समझदारी का परिचय देते हुए चक्काजाम के बीच फंसी एंबुलेंस और यात्री बस को रास्ता दिया गया।

छात्राओं ने बताया कि शिक्षा सत्र शुरू होने के दो माह बाद भी उन्हें विषयवार शिक्षक नहीं मिले हैं। जबकि कई बार उन्होंने शिक्षकों की मांग को लेकर आवेदन दिया है। ऐसे में उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है, फिर जब देर से शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी तो पूरा कोर्स जल्दी-जल्दी में पढ़ाया जाएगा और विषय को समझने में दिक्कतें आएंगी। छात्राओं ने कहा कि ग्यारहवीं और बारहवीं के छात्रों को अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए और भी कई परीक्षा की तैयारी करनी होती है। ऐसे में शिक्षक ही नहीं रहेंगे तो उनका भविष्य अंधकार में पड़ जाएगा।

सहायक आयुक्त एलआर कुर्रे का कहना है कि शिक्षक की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शिक्षकों को सोमवार को ज्वाइन करना था, लेकिन बच्चों ने उसके पहले ही आंदोलन शुरू कर दिया है, जल्द ही शिक्षक ज्वाइन कर लेंगे। हालांकि अब तक शिक्षक ज्वाइन करने नहीं पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *