ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

शेयर बाजार की रिकॉर्डतोड़ तेजी पर ब्रेक, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

नई दिल्ली, 05 जुलाई । घरेलू शेयर बाजार में जारी रिकॉर्ड तोड़ तेजी पर आज ब्रेक लगता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव और बढ़ता बढ़ गया। लेकिन सुबह 10 बजे के बाद खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी, जिसकी वजह से शेयर बाजार में निचले स्तर से सुधार होता हुआ नजर आने लगा। पहले एक घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.46 प्रतिशत और निफ्टी 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से डिवीज लेबोरेट्रीज, सिप्ला, ओएनजीसी, लार्सन एंड टूब्रो और बीपीसीएल के शेयर 1.98 प्रतिशत से लेकर 0.94 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन कंपनी, टाटा स्टील और इंडसइंड बैंक के शेयर 3.99 प्रतिशत से लेकर 0.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,251 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,163 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,088 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 13 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 17 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल शेयरों में से 26 शेयर हरे निशान में और 24 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 270.69 अंक टूट कर 79,778.98 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का मामूली सपोर्ट मिलने की वजह से ये सूचकांक उछल कर 79,876.25 अंक तक पहुंच गया। लेकिन इसके बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण ये सूचकांक गिर कर 79,478.96 अंक के स्तर तक लुढ़क गया। हालांकि इसके बाद एक बार फिर बाजार को खरीदारी का सपोर्ट मिला, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में सुधार होता हुआ नजर आने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 366.26 अंक की कमजोरी के साथ 79,683.41 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 88.80 अंक की कमजोरी के साथ 24,213.35 अंक के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद हुई लिवाली के सपोर्ट से ये सूचकांक 24,260.95 अंक तक उछला। लेकिन इसके बाद बिकवाली का दबाव बनने की वजह से इसमें तेज गिरावट आ गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से थोड़ी देर में ही ये सूचकांक गिर कर 24,168.85 अंक के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि इसके बाद एक बार फिर लिवाली का सपोर्ट मिलने के कारण इस सूचकांक की चाल में सुधार होता हुआ नजर आने लगा। बाजार में लगातार जारी लगातार लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद निफ्टी 71.60 अंक टूट कर 24,230.55 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 62.87 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की मजबूती के साथ 80,049.67 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 15.65 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,302.15 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *