ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

लोधेश्वर महादेवा में सावन मेले की तैयारियां पूरी, प्रशासन अलर्ट

बाराबंकी, 19 जुलाई । उत्तर भारत के बाराबंकी जनपद में स्थित सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेवा में होने वाले श्रावण मास मेले की प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा भी इसकी समीक्षा गई है। मेला ग्राउंड के चारों ओर बैरीकेटिंग लगाकर जाली लगाई गई हैं। सभी दुकानदारों को हिदायत दी गई है कि सभी अपनी-अपनी दुकानाें के आगे अपना नाम व क्रम संख्या जरूर लिखें।

चौकी इंचार्ज महादेवा संतोष त्रिपाठी को जिम्मेदारी दी गई है कि मेले में आए हुए बाहरी दुकानदारों का आधार कार्ड लेकर उनसे जानकारी लें कि वह कहां से आए हैं। 22 जुलाई को सावन मास का पहला सोमवार है। लेकिन 21 जुलाई से ही महादेवा में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाएगा। लखनऊ, गोंडा, बहराइच हाईवे का डायवर्जन भी किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को दिक्कतें न हो।

उप जिलाधिकारी रामनगर पवन कुमार ने बताया कि मेले में लेखपाल, कानूनगाे, नायब व तहसीलदार को ड्यूटी पर लगाया गया है। यह सभी मेले में होने वाली प्रत्येक गतिविधियों की जानकारी लें रहे हैं। मेला की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी हैं। वहीं मंदिर पुजारी आदित्य तिवारी का कहना है कि अब की बार सावन मास में 5 सोमवार पड़ रहे हैं जिससे श्रद्धालुओं को भीड़ और बढ़ेगी। सावन मास में कई त्योहार हैं। लोधेश्वर महादेवा एक प्रमुख तीर्थ स्थल है। जहां दूर दराज समेत अन्य प्रदेशों के भी श्रद्धालु दर्शन हेतु आते हैं। मंदिर प्रशासन भी श्रद्धालुओं को दर्शन कराने की तैयारी कर चुका है।

मेले की सुरक्षा के संबंध में क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार पाठक व थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नेश कुमार पांडे ने बताया कि ड्रोन कैमरे व सीसीटीवी मेले में प्रत्येक जगह रहेंगे भारी संख्या में बाहरी फोर्स उप निरीक्षक कांस्टेबल दो प्लाटून पीएससी समेत भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। बुढ़वल स्टेशन पर भी सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद उपाय किये गए हैं। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी अजमेर सिंह यादव ने बताया कि लोधेश्वर महादेव के दर्शन करने के लिए आने व जाने के लिए बुढ़वल जंक्शन पर भारी संख्या में श्रद्धालु आते जाते हैं उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत ना हो इसके लिए आरपीएफ व जीआरपी ने मिलकर सुरक्षा संबंधी एक खाका तैयार किया है। हमारे यहां भी भारी संख्या में बाहरी व हमारे पोस्ट के आरपीएफ जवान स्टेशन व रेलवे के गेटों पर तैनात रहेंगे। स्टेशन पर आने वाले श्रद्धालुओं की हर प्रकार से मदद की जाएगी।

जीआरपी प्रभारी संजय अग्निहोत्री ने बताया कि हमारी चौकी पर 10 उप निरीक्षक, 50 सिपाही व 10 महिला सिपहियों की तैनाती की जाएगी। अगर किसी प्रकार की सुरक्षा संबंधी दिक्कत हुई तो और फोर्स भी बुलाई जाएगी। सुरक्षा से कोई खिलवाड़ नहीं होगा। चप्पे-चप्पे पर जीआरपी पुलिस की तैनाती रहेगी। स्टेशन अधीक्षक मनोरंजन ने बताया कि अभी किसी प्रकार का ट्रेन संबंधी आदेश निर्देश नहीं आया है। अगर किसी प्रकार का आदेश निर्देश ऊपर से आएगा तो उसका पालन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *