ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मालवा ऑक्सीजन प्लांट में केमिकल ब्लास्ट, 4 कर्मचारी झुलसे, एक की हालत गंभीर

रतलाम/भोपाल, 30 अगस्‍त  । मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के मालवा ऑक्सीजन प्लांट में शुक्रवार सुबह केमिकल ब्लास्ट हो गया है। हादसे में 4 कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से सभी को इंदौर रेफर कर दिया गया है। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार रतलाम जिले के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संदीप व्यास की फैक्ट्री मालवा ऑक्सीजन प्लांट की प्रोडक्शन यूनिट में चार कर्मचारी शुक्रवार सुबह इंटरमीडिएट केमिकल को ट्रांसफर करने का काम कर रहे थे। तभी अचानक केमिकल में ब्लास्ट हो गया। जिससे वहां काम कर रहे चारों कर्मचारी चपेट में आ गए। इसमें कर्मचारियों के हाथ और चेहरे झुलसे हैं। प्लांट के एचआर एक्जीक्यूटिव रोहित दवे ने बताया कि मटेरियल की रिचार्जिंग हो रही थी। इसी दौरान कर्मचारियों को मटेरियल का पावडर लग गया। इसी से वे झुलसे हैं। घायलों को इलाज के लिए इंदौर रैफर किया गया है। एक कर्मचारी की हालत गंभीर है।

हादसे में मुकेश (30) पुत्र रमेश कछावा निवासी टैगोर कॉलोनी, सुपडु (40) पुत्र पोपट निवासी नयागांव, कालूराम (50) पुत्र रामकिशोर कैथवास निवासी अंबिका नगर और सचिन (35) पुत्र शंकर लाल निवासी डोसीगांव झुलसे हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल कर्मचारियों के बयान दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि सभी कर्मचारी 30 प्रतिशत तक झुलसे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *