इंदौर कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ ने सुनाया राहत इंदौरी का मशहूर शेर, गानों पर लगी रोक के बीच दिया करारा जवाब
पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में इंदौर में हुए उनके कॉन्सर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, इस लाइव शो के दौरान दिलजीत ने दिवंगत मशहूर शायर राहत इंदौरी का एक चर्चित शेर सुनाया। खास बात यह रही कि उन्होंने ऐसा उस समय किया, जब स्थानीय प्रशासन की ओर से उनके चार गानों को कॉन्सर्ट में गाने पर रोक लगाई गई थी। अब खुद दिलजीत ने इस पल का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है।
दिलजीत ने राहत इंदौरी के शेर से दिया जवाब
15 नवंबर, रविवार को इंदौर में आयोजित कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने अपनी परफॉर्मेंस के बीच दर्शकों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने गानों पर लगी पाबंदियों का जिक्र करते हुए कहा, ‘ये नहीं गाना, वो नहीं गाना, ये नहीं कर सकते, वो नहीं कर सकते।’
इसके बाद उन्होंने मशहूर शायर राहत इंदौरी की चर्चित पंक्तियां सुनाईं। उनके इस अंदाज पर कॉन्सर्ट में मौजूद दर्शकों ने भी खूब उत्साह दिखाया। दिलजीत ने इस खास पल का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया, जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
उन्होंने राहत इंदौरी का यह मशहूर शेर सुनाया:
‘हमारे मुंह से जो निकले वही सदाकत है, हमारे मुंह में तुम्हारी जुबान थोड़ी है; अगर खिलाफ हैं तो होने दो, जान थोड़ी है; सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।’
दिलजीत के इन चार गानों पर लगाई गई थी रोक
दरअसल, दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले बाल संरक्षण अधिकारियों ने उनके चार गानों को लेकर आपत्ति जताई थी। इनमें ‘पटियाला पेग’, ‘5 तारा’, ‘केस’ और ‘जट्ट उठे फायर करदा’ शामिल हैं।
अधिकारियों का मानना था कि इन गानों में शराब और हथियारों से जुड़े संदर्भ हैं, जिनका बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इसी वजह से आयोजकों से इन गानों को लाइव परफॉर्मेंस में शामिल नहीं करने के लिए कहा गया था।
इस मामले को लेकर कॉन्सर्ट से पहले काफी चर्चा भी हुई थी। इतना ही नहीं, दिलजीत के इंदौर शो से पहले मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच को उसके आधिकारिक ईमेल पते पर धमकी भरा ईमेल भी मिला था। इसके बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
दिल्ली कॉन्सर्ट से शुरू हुआ था ऑरा इंडिया टूर
दिलजीत दोसांझ ने 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शानदार कॉन्सर्ट के साथ अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के भारतीय चरण की शुरुआत की थी। इस दौरान उन्होंने अपने कई लोकप्रिय गानों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
उनकी सेटलिस्ट में ‘G.O.A.T.’, ‘इक कुड़ी’, ‘ललकारा’, ‘इश्क दी बाजियां’, ‘नैना’, ‘किन्नी किन्नी’, ‘केस’, ‘पंजतारा’, ‘हस हस’ और ‘वॉटर’ जैसे गाने शामिल रहे। हालांकि, कॉन्सर्ट का सबसे खास पल तब आया, जब दिलजीत ने ‘सांसों की माला’ गाना पेश किया। उनके इस गाने पर दर्शकों ने जमकर उत्साह दिखाया।
