ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

रजत पाटीदार का तूफानी शतक, 41 गेंदों में ठोक दी सेंचुरी; सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रचा इतिहास

भारतीय बल्लेबाज रजत पाटीदार ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया है। मध्य प्रदेश के कप्तान ने असम के खिलाफ मुकाबले में महज 41 गेंदों पर शतक जड़ दिया। उन्होंने अपनी पारी में चौके-छक्कों की बरसात करते हुए 281 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत मध्य प्रदेश की टीम 20 ओवर में 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

48 गेंदों में नाबाद 135 रन, लगाए 13 छक्के

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्य प्रदेश और असम के बीच खेले गए मुकाबले में मध्य प्रदेश की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला और आते ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी।

रजत ने महज 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी की रफ्तार और तेज कर दी और सिर्फ 41 गेंदों में शतक जड़ दिया। वह यहीं नहीं रुके और आखिर तक क्रीज पर टिके रहे। उन्होंने 48 गेंदों में नाबाद 135 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 13 छक्के और 8 चौके निकले। उनका स्ट्राइक रेट 281.25 का रहा।

पारी के 19वें ओवर में भी रजत का तूफानी अंदाज देखने को मिला। उन्होंने इस ओवर में एक चौका और चार छक्के जड़कर मध्य प्रदेश के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्य प्रदेश के पहले शतकवीर बने

रजत पाटीदार ने इस शतक के साथ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्य प्रदेश के लिए नया रिकॉर्ड बना दिया। वह इस टूर्नामेंट में शतक लगाने वाले मध्य प्रदेश के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

इससे पहले साल 2021 में भी रजत पाटीदार शतक के करीब पहुंचे थे, लेकिन तब वह 96 रन बनाकर आउट हो गए थे और महज चार रन से शतक चूक गए थे। अब उन्होंने उसी कमी को पूरा करते हुए इतिहास रच दिया है।

रजत की पारी का असर मध्य प्रदेश की रन गति पर साफ दिखाई दिया। टीम ने शुरुआती 7.4 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 57 रन बनाए थे। लेकिन इसके बाद रजत ने ऐसी विस्फोटक बल्लेबाजी की कि मध्य प्रदेश ने 20 ओवर में 250 रन का आंकड़ा छू लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *