CM योगी आखिर क्यों लिखते हैं जनता के नाम ‘पाती’? 50 सप्ताह पूरे होने पर खुद बताया इसकी वजह, वनटांगिया गांव से जुड़ा है खास प्रसंग
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले 50 से अधिक सप्ताह से लगातार प्रदेश की जनता के नाम ‘योगी की पाती’ लिख रहे हैं। अब मुख्यमंत्री ने खुद बताया है कि आखिर वह जनता के नाम पत्र क्यों लिखते हैं और इसके पीछे उनकी क्या सोच है। सीएम योगी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ नागरिक उनका परिवार हैं और उनके सुख-दुख, उम्मीदों, उपलब्धियों और संकल्पों से जुड़े रहने का आत्मीय माध्यम ‘योगी की पाती’ है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को बताया कि बीते 50 से अधिक सप्ताह से वह हर पाती के जरिए प्रदेशवासियों के साथ अपने विचार और भावनाएं साझा कर रहे हैं। उनके लिए यह केवल पत्र लिखने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि अपने परिवार के साथ संवाद करने का एक अवसर है। इसी आत्मीय संवाद यात्रा पर आधारित ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन और प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया जाएगा।
आखिर CM योगी ने क्यों शुरू की ‘योगी की पाती’?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता के नाम अपने संदेश में बताया कि पाती लिखने की प्रेरणा उन्हें वनटांगिया गांव के एक अनुभव से मिली थी। उन्होंने कहा कि उन्हें आज भी पहली बार वनटांगिया गांव जाने का प्रसंग याद है। वहां कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समुदायों के लोगों की दयनीय स्थिति और वर्षों तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहने की स्थिति देखकर वह काफी व्यथित हुए थे।
सीएम योगी के अनुसार, उस अनुभव ने उन्हें यह एहसास कराया कि शासन का वास्तविक दायित्व सिर्फ योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना भी है। कई बार व्यवस्था तक उन लोगों की पीड़ा और अपेक्षाएं नहीं पहुंच पातीं, जिन्हें सबसे ज्यादा मदद की जरूरत होती है। इसी सोच ने शासन और जनता के बीच निरंतर संवाद और संवेदनशील जुड़ाव की आवश्यकता को मजबूत किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘योगी की पाती’ की प्रेरणा भी इसी भावना में छिपी है।
‘उत्तर प्रदेश सिर्फ प्रशासनिक इकाई नहीं, एक परिवार है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी इच्छा रही है कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित न रहें। उत्तर प्रदेश उनके लिए महज एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है। परिवार में आदेश नहीं, बल्कि अपनत्व के साथ संवाद होता है।
उन्होंने बताया कि पाती के जरिए वह ऐसे मुद्दों पर प्रदेशवासियों से बातचीत करने का प्रयास करते हैं, जो सीधे उनके जीवन, आकांक्षाओं और नए उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े हैं। इसके माध्यम से सुख-दुख की साझेदारी, आपसी विश्वास और जनभागीदारी को मजबूत करना उनका उद्देश्य है।
प्रदेश की सीमाओं से बाहर भी पहुंची ‘योगी की पाती’ की गूंज
सीएम योगी ने बताया कि पिछले एक साल में लिखे गए पत्र उनके लिए केवल विचारों को व्यक्त करने का माध्यम नहीं रहे, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने और उन्हें आवाज देने का जरिया भी बने हैं। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ‘योगी की पाती’ के जरिए शुरू हुआ संवाद उत्तर प्रदेश की सीमाओं को पार कर देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचा है।
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के अवसर पर भी प्रदेश की जनता के नाम पाती लिखी थी। उस पत्र में उन्होंने दीपोत्सव की वास्तविक भावना, अयोध्या आने और स्थानीय कारीगरों से मिट्टी के दीये व अन्य उत्पाद खरीदने की अपील की थी।
जनता के सुझावों को भी पाती में मिलेगी जगह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेशवासियों का स्नेह और विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। वह चाहते हैं कि ‘योगी की पाती’ केवल उनके विचारों की अभिव्यक्ति बनकर न रह जाए, बल्कि इसमें जनता के विचारों, अपेक्षाओं और सुझावों को भी समान स्थान मिले।
उन्होंने कहा कि जनता की आवाज ही इस पाती की वास्तविक शक्ति है और लोगों की सहभागिता इसे अधिक सार्थक बनाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस संवाद श्रृंखला को और मजबूत करने की अपील करते हुए समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
