ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

ICC चेयरमैन के पद पर फिर चुने गए जय शाह, लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध मिली जिम्मेदारी

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चेयरमैन जय शाह को एक बार फिर इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चेयरमैन चुना गया है। बाली में आयोजित आईसीसी बोर्ड और कमेटी की बैठक में सभी डायरेक्टर्स ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। उनके खिलाफ किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं होने के कारण जय शाह को सर्वसम्मति से दोबारा इस पद के लिए चुन लिया गया।

जय शाह के नेतृत्व पर ICC बोर्ड ने जताया भरोसा

जय शाह को दूसरी बार चेयरमैन चुने जाने की जानकारी आईसीसी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए दी। आईसीसी ने कहा कि बाली में हुई बोर्ड और कमेटी की बैठक के दौरान सभी डायरेक्टर्स के प्रस्ताव के बाद जय शाह को निर्विरोध दूसरे कार्यकाल के लिए चुना गया है।

आईसीसी के मुताबिक, यह फैसला जय शाह के नेतृत्व पर बोर्ड के भरोसे को दर्शाता है। क्रिकेट इस समय एक अहम दौर से गुजर रहा है और ऐसे में दुनियाभर में इस खेल का विस्तार करना, प्रशंसकों की संख्या बढ़ाना और भविष्य में कमाई के नए अवसर तलाशना प्राथमिकता होगी।

चेयरमैन के तौर पर काम करना गर्व और जिम्मेदारी की बात: जय शाह

दोबारा आईसीसी चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इस पद पर काम करना उनके लिए गर्व की बात होने के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह दुनियाभर में क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए आईसीसी के सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।

जय शाह ने कहा कि क्रिकेट इस समय बेहद रोमांचक दौर से गुजर रहा है। साल 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने का बड़ा अवसर है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता केवल बड़े टूर्नामेंट आयोजित कराने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि क्रिकेट के भविष्य को मजबूत बनाना भी होगी। इसके लिए खिलाड़ियों, प्रशंसकों, बिजनेस पार्टनर्स और खेल से जुड़े सभी लोगों के हितों का ध्यान रखा जाएगा।

36 साल की उम्र में संभाली थी ICC चेयरमैन की कुर्सी

जय शाह ने साल 2024 में पहली बार आईसीसी चेयरमैन का पद संभाला था। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह ली थी। उस समय महज 36 साल की उम्र में वह आईसीसी के इतिहास में सबसे कम उम्र के चेयरमैन बने थे।

जय शाह आईसीसी के प्रमुख बनने वाले पांचवें भारतीय हैं। उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन श्रीनिवासन और शशांक मनोहर इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। गौरतलब है कि साल 2015 से पहले आईसीसी में इस पद को प्रेसिडेंट कहा जाता था, लेकिन बाद में इसका नाम बदलकर चेयरमैन कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *