UP Election 2027: मथुरा में BJP ने तैयार किया चुनावी रोडमैप, विकास-सुरक्षा और सांस्कृतिक पहचान होंगे तीन बड़े मुद्दे
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में मथुरा में आयोजित भाजपा उत्तर प्रदेश की संगठनात्मक योजना बैठक के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने और चुनावी रणनीति तैयार करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में फिलहाल तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरने की रणनीति पर जोर दिया गया है। इनमें विकास, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के साथ सांस्कृतिक पहचान एवं राष्ट्रवाद शामिल हैं। इसके अलावा श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को भी पार्टी के राजनीतिक और वैचारिक एजेंडे में प्रमुखता से आगे बढ़ाने की तैयारी पर चर्चा हुई।
विकास, कानून-व्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान पर रहेगा जोर
मथुरा में हुई बैठक में भाजपा की चुनावी रणनीति के तीन प्रमुख आधार तय किए गए।
- विकास: सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना।
- कानून-व्यवस्था और सुरक्षा: मौजूदा सरकार के शासन में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को चुनावी मुद्दा बनाना।
- सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रवाद: प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रवाद से जुड़े विषयों को जनता के बीच उठाना।
इन मुद्दों के साथ भाजपा तीसरी बार सत्ता में वापसी की रणनीति तैयार कर रही है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी पार्टी के संभावित चुनावी एजेंडे में महत्वपूर्ण स्थान रख सकता है।
बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति
बैठक में संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता को चुनावी सफलता के लिए अहम बताया गया। पार्टी की रणनीति है कि कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और युवाओं को बूथ स्तर पर संगठन से जोड़ा जाए।
इसके साथ ही बूथ-बूथ तक ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया गया। पार्टी का लक्ष्य है कि संगठन का संदेश जमीनी स्तर तक पहुंचे और हर बूथ पर कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने पर भी चर्चा
बैठक में कुछ नेताओं ने कार्यकर्ताओं की नाराजगी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं की शिकायतों और नाराजगी को दूर करना जरूरी है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो चुनाव के दौरान पार्टी को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने भी पार्टी के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को एक प्रमुख उपलब्धि के रूप में सामने रखा गया।
लाभार्थियों तक पहुंचाने होंगे सरकार के काम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में कहा कि सरकार ने समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने और सरकार के कामकाज की जानकारी जनता को देने पर जोर दिया।
इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल को लेकर जनता के बीच कानून-व्यवस्था और सुशासन की तुलना रखने की बात कही। भाजपा की रणनीति है कि जनता के सामने मौजूदा सरकार के काम और पूर्ववर्ती सरकार के शासनकाल का अंतर रखा जाए।
मथुरा की इस बैठक से साफ है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन, बूथ प्रबंधन, सरकारी योजनाओं और सांस्कृतिक मुद्दों को केंद्र में रखकर अपनी रणनीति तैयार कर रही है।
