वडोदरा में PM मोदी का मेगा शो, 35 हजार करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास; Gen-Z से किया संवाद
वडोदरा: गुजरात के वडोदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मेगा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने युवाओं और खासतौर पर Gen-Z के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, रोजगार, तकनीक और कनेक्टिविटी समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 35,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम स्थल पर पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया गया।
वडोदरा के हर नागरिक को पीएम मोदी ने दी बधाई
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा के लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि थोड़ी देर पहले देश के विकास से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा कि विकास पर्व के दौरान वडोदरा शहर में जिस सेवाभाव के साथ स्वच्छता और स्वागत अभियान चलाया गया, उसके लिए वह वडोदरा के हर नागरिक को हृदय से बधाई देते हैं।
उन्होंने कहा कि वह विकसित भारत की यात्रा को और गति देने के लिए वडोदरा आए हैं। पीएम ने कहा कि हाल ही में उन्होंने एक वीडियो देखा था और उसे देखकर उन्हें गर्व हुआ कि “वाह, ये मेरा वडोदरा है।”
पीएम मोदी ने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी के मैदान में आयोजित कार्यक्रम को विकास और युवाओं की भागीदारी का बड़ा अवसर बताया।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को बताया विकसित भारत की लाइफलाइन
प्रधानमंत्री मोदी ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) को तेजी से विकसित हो रहे भारत की जीवनरेखा बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना ने देश के ट्रांसपोर्टेशन सेक्टर में बड़ा बदलाव किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि पहले जिस ट्रैक पर यात्री ट्रेनें चलती थीं, उसी ट्रैक पर मालगाड़ियां भी चलती थीं। इससे यात्री और माल परिवहन दोनों की गति प्रभावित होती थी। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ने इस व्यवस्था को बदलने का काम किया है।
उन्होंने बताया कि आज पूर्वी और पश्चिमी फ्रेट कॉरिडोर पर रोजाना 430 से अधिक मालगाड़ियां संचालित हो रही हैं। पहले एक मालगाड़ी को 100 किलोमीटर की दूरी तय करने में करीब 6.30 घंटे लगते थे, लेकिन अब यही दूरी आधे से भी कम समय में पूरी की जा रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि वडोदरा गतिशक्ति यूनिवर्सिटी के शहर के तौर पर भी जाना जाता है और अब डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की आखिरी कड़ियां भी इससे जुड़ गई हैं। उन्होंने कहा कि 2,800 किलोमीटर से अधिक लंबा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट पूरा होना 21वीं सदी के भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।
‘फाइलें अटकती थीं, लटकती थीं, भटकती थीं’
प्रधानमंत्री मोदी ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों की कार्यप्रणाली पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर वर्ष 2004 में विचार शुरू हुआ था और 2006 में इसे आगे बढ़ाने के लिए विशेष कंपनी बनाई गई, लेकिन 2014 तक परियोजना की फाइलें इधर-उधर घूमती रहीं।
पीएम मोदी ने अपने अंदाज में कहा कि इन फाइलों को भी कोई “डेडिकेटेड कॉरिडोर” नसीब नहीं हुआ। फाइलें अटकती थीं, लटकती थीं और भटकती थीं।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद केंद्र में उनकी सरकार बनने के बाद इस परियोजना को गति देने का काम शुरू किया गया और आज 2,800 किलोमीटर से अधिक के डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा हो चुका है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज ईस्टर्न और वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर देश के व्यापार और कारोबार की रीढ़ बन रहे हैं।
‘नाराज फूफा जी’ वाले बयान से PM मोदी ने साधा निशाना
फ्रेट कॉरिडोर से होने वाले फायदे बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में ‘फूफा जी’ का जिक्र करते हुए विपक्ष पर तंज कसा।
उन्होंने बताया कि हाल ही में JNPT पोर्ट, मुंबई से वडोदरा तक डबल-स्टैक कंटेनर मालगाड़ी चलाई गई। पीएम के मुताबिक, एक बार में इस मालगाड़ी के जरिए 250 से अधिक ट्रकों के बराबर सामान मुंबई से वडोदरा पहुंचा।
इसी संदर्भ में पीएम मोदी ने कहा कि अब “नाराज फूफा जी” सवाल करेंगे कि ट्रक वालों का क्या होगा और ट्रक कहां जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन “फूफा जी” को भी काम मिल गया है।
मैन्युफैक्चरिंग में वडोदरा की भूमिका पर पीएम का जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के लिए अपने विजन में मैन्युफैक्चरिंग को भी महत्वपूर्ण स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि वडोदरा शहर शिक्षा, कौशल और इंडस्ट्री के बीच बेहतर तालमेल की ताकत को लंबे समय से समझता आया है।
पीएम मोदी ने कहा कि शिक्षा, कौशल और उद्योग के बीच सहयोग का मॉडल वडोदरा में करीब 150 वर्षों से दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि अब वडोदरा देश के पहले ‘मेड इन इंडिया’ मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट C-295 के निर्माण के लिए भी जाना जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि C-295 की पहली उड़ान वडोदरा के आसमान को देख चुकी है और उन्होंने इसके लिए वडोदरा के लोगों को बधाई दी।
उन इलाकों तक पहुंच रही रेल, जहां दशकों तक नहीं पहुंची
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में केवल फ्रेट कॉरिडोर ही नहीं, बल्कि रेलवे नेटवर्क का भी लगातार विस्तार हो रहा है। अब रेल उन इलाकों तक पहुंच रही है, जहां कई दशकों तक रेल कनेक्टिविटी नहीं थी।
उन्होंने कहा कि गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के आदिवासी क्षेत्रों को भी रेल नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि पहले बजट में एक-दो ट्रेनों की घोषणा होती थी और उसके बाद लंबे समय तक उसका प्रचार किया जाता था, जबकि अब देश में लगातार नई ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वडोदरा के कार्यक्रम में भी कई नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी, तेज परिवहन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित भारत की नींव को मजबूत कर रहे हैं।