• September 10, 2026

हल्द्वानी में नितिन नबीन और CM धामी का युवा संवाद, रोजगार से AI तक इन मुद्दों पर हुई चर्चा

उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में करियर, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

संवाद के दौरान युवाओं ने प्रदेश और देश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। युवाओं ने सरकार की योजनाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए और रोजगार, स्वरोजगार तथा प्रदेश में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने को लेकर सुझाव भी दिए।

AI और डिजिटल तकनीक से खुल रहे अवसरों के नए रास्ते

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को नई दिशा देने और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहल युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल के अनुरूप आगे बढ़ने का मंच प्रदान कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि आज का युवा सिर्फ रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसर पैदा करने वाला भी बन रहा है। बदलती अर्थव्यवस्था और तकनीक के दौर में युवाओं की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।

नितिन नबीन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, इनोवेशन, डिजिटल टेक्नोलॉजी और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में संभावनाओं के नए द्वार खुल रहे हैं। उत्तराखंड के युवा प्रतिभा और क्षमता से भरपूर हैं। उनकी ऊर्जा और सामर्थ्य को प्रदेश के विकास से जोड़कर उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

पर्वतीय राज्य में रोजगार और स्वरोजगार पर जोर

नितिन नबीन ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर बढ़ाना बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाएं प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे भविष्य की चुनौतियों को अवसरों में बदलें और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

बीजेपी अध्यक्ष ने सोशल मीडिया को भी युवाओं के लिए एक प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि इसका सकारात्मक इस्तेमाल देश और समाज के विकास के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आगे आने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सफलता के लिए समय प्रबंधन और समय के सदुपयोग को भी बेहद महत्वपूर्ण बताया।

धामी बोले- अब तक 34 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। भारत की विशाल युवा आबादी देश को नई ऊर्जा, नई सोच और नया सामर्थ्य प्रदान कर रही है। तकनीक और नवाचार के बढ़ते इस्तेमाल से युवाओं के लिए संभावनाओं के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

धामी ने कहा कि 4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनकी सरकार ने इस संकल्प के साथ काम किया कि “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं।”

उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया है और अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। नकल माफिया को जेल भेजने के साथ युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर भी कठोर कार्रवाई की गई।

सरकारी नौकरी के साथ स्वरोजगार और स्टार्टअप पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना जैसी विभिन्न पहलों के जरिए युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय खेलों में 100 से ज्यादा पदक से बढ़ा उत्तराखंड का गौरव

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी उत्तराखंड तेजी से अपनी नई पहचान बना रहा है। राज्य में खेल अवस्थापना सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में काम आगे बढ़ाया गया है। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक पदक जीतना राज्य की बढ़ती खेल प्रतिभा और बदलते खेल वातावरण का प्रमाण है।

AI, रोबोटिक्स और नई तकनीक में युवाओं के लिए अवसर

धामी ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, विज्ञान, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया है। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और सामर्थ्य ही विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।

कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट समेत कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *