• June 8, 2026

लगातार सिरदर्द और धुंधली नजर को न करें नजरअंदाज! ये हो सकते हैं ब्रेन ट्यूमर के शुरुआती संकेत

हेल्थ डेस्क: लगातार सिरदर्द, धुंधली नजर या शरीर में बार-बार सुन्नपन जैसी समस्याओं को अक्सर लोग तनाव, थकान या बढ़ती उम्र का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन कुछ मामलों में ये लक्षण किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे संकेत ब्रेन ट्यूमर के शुरुआती लक्षणों में शामिल हो सकते हैं, जिन्हें हल्के में लेना खतरनाक साबित हो सकता है।

मैरिंगो एशिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो एंड स्पाइन (MAIINS) के चेयरमैन डॉ. प्रवीण गुप्ता के मुताबिक, ब्रेन ट्यूमर की स्थिति में शरीर कुछ चेतावनी संकेत देने लगता है। यदि ये लक्षण लगातार बने रहें या समय के साथ बढ़ते जाएं, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

लगातार सिरदर्द को हल्के में न लें

हर सिरदर्द ब्रेन ट्यूमर का संकेत नहीं होता। माइग्रेन, तनाव, नींद की कमी या थकान के कारण भी सिरदर्द हो सकता है। लेकिन अगर सिरदर्द लगातार बना रहे, धीरे-धीरे बढ़ता जाए या दवाइयों से भी राहत न मिले, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

याददाश्त कमजोर होना भी हो सकता है संकेत

अगर आप छोटी-छोटी बातें भूलने लगे हैं या आपकी याददाश्त लगातार कमजोर हो रही है, तो यह सिर्फ मानसिक थकान नहीं हो सकती। विशेषज्ञों के अनुसार, जब दिमाग पर दबाव बढ़ता है, तो इसका असर उसकी कार्यक्षमता और स्मरण शक्ति पर पड़ सकता है।

हाथ-पैर सुन्न पड़ना

अगर बार-बार हाथ या पैर सुन्न हो रहे हैं, सामान पकड़ने या उठाने में परेशानी हो रही है या शरीर का कोई हिस्सा अचानक सुन्न पड़ जाए, तो यह न्यूरोलॉजिकल समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

धुंधला या दोहरा दिखाई देना

नजर कमजोर होना, चीजें धुंधली दिखना या डबल विजन की समस्या को केवल आंखों की कमजोरी समझकर टालना सही नहीं है। कुछ प्रकार के ब्रेन ट्यूमर दिमाग के उन हिस्सों को प्रभावित कर सकते हैं, जो दृष्टि को नियंत्रित करते हैं।

चलते समय लड़खड़ाना या संतुलन बिगड़ना

अगर चलते समय बार-बार संतुलन बिगड़ रहा है, पैर कांप रहे हैं या सीढ़ियां चढ़ते-उतरते समय लड़खड़ाहट महसूस हो रही है, तो यह भी ब्रेन से जुड़ी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है।

कब लें डॉक्टर की सलाह?

डॉ. प्रवीण गुप्ता का कहना है कि इन लक्षणों का मतलब यह नहीं है कि हर व्यक्ति को ब्रेन ट्यूमर है। लेकिन यदि इनमें से एक या अधिक लक्षण लगातार बने रहें, समय के साथ बढ़ें या रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करने लगें, तो न्यूरोलॉजिस्ट से संपर्क करना चाहिए। एमआरआई और अन्य जांचों के जरिए सही कारण का पता लगाया जा सकता है।

Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या, फिटनेस प्रोग्राम, डाइट में बदलाव या उपचार शुरू करने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *