ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

बंद घर में लाखों की चोरी

परिवार के शादी में जाने का फायदा उठाते हुए चोरों ने मकान के ताले तोड़कर 50 हजार नकद व लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर लिए। मामला शुक्रवार को सामने आया। पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार पंचवटी कॉलोनी निवासी मनोज कुमार अपने परिवार के साथ मकान काे ताला लगाकर अपने चाचा के लड़के की शादी में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव नागल जाट गया हुआ था। रात करीब सवा दो बजे वह शादी समारोह से वापस लौटा तो मकान के ताले टूटे देखकर उसके पैरों तले की जमीन खिसक गई।

गेट के अंदर जाकर देखा तो अंदर मकान में सामान फैला हुआ पड़ा था। मकान के अंदर रखी लोहे की अलमारी टूटी हुई थी, जिसमें से चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपए नकद व छह-सात डिब्बे बिजली की तारों के चोरी करके ले गए। पलवल के शहर थाना के पुलिस जांच अधिकारी राकेश कुमार ने शुक्रावार को जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित के अनुसार दी शिकायत के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज करके चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *